शाहजहाँपुर

Shahjahanpur News: खोदी गईं गलियों को नहीं किया जा रहा दुरुस्त, लोग परेशान

Connect News 24

Digging lanes are not being repaired, people are worried

मोहल्ला कटिया टोला में निशात टॉकीज के सामने वाली गली में खोदी हुई सड़क

शाहजहांपुर। शहर के मोहल्लों और कॉलोनियों में सीवर लाइन डालने के लिए गलियों को खोदा गया है। कटिया टोला और तारीन टिकली में गलियों को खोदे हुए एक माह से अधिक समय बीत चुका है, बावजूद इसके किसी ने गलियों की मरम्मत करने की सुध नहीं ली है। परेशानी मोहल्ले वाले झेल रहे हैं।

कटिया टोला में निशात टॉकीज के सामने वाली गली को एक माह पहले खोदा गया था। वहां पर सीवर के चैंबर बना दिए गए हैं, लेकिन सड़क को ठीक नहीं किया गया है। इसी गली में रहने वाले ब्रजेश सक्सेना बताते हैं कि गली की सड़क की मरम्मत कराने के लिए कई बार जल निगम के अधिकारियों व ठेकेदार को फोन किया जा चुका है, लेकिन कोई झांकने तक नहीं आया। पूरी सड़क पर गड्ढे तो हैं ही, जो चैंबर बनाए हैं उनकी ऊंचाई भी सड़क के लेवल से ऊपर है। ऐसे में वाहनों के पहिये इनसे टकराते हैं और चालक लड़खड़ाकर गिर जाता है।

इसी तरह से तारीन टिकली नई कॉलोनी में शफी उल्ला कालीन वाली गली से अंदर घुसते हुए आजाद मांटेसरी स्कूल होकर झंडा कलां की ओर जाने वाला मार्ग पूरा उखड़ा पड़ा है। यहां पर सीवर लाइन डालने और चैंबर बनाने का काम हो रहा है। हालांकि कॉलोनी निवासी पूर्व सभासद सुभाष वाली गली की मरम्मत करा दी गई है, लेकिन कॉलोनी के भीतर गली की हालत अब भी नहीं सुधरी है। कॉलोनी में रहने वाले कुनाल ने बताया कि उन्हें अपने बिजनेस को लेकर माल लाना-ले जाना पड़ता है, गली खुदी पड़ी होने से वाहन निकलना मुश्किल हो जाता है।

इनके अलावा रंगीन चौपाल मोहल्ले में भी अब तक गलियों की सड़कों की मरम्मत नहीं हो सकी है। मल्हार टॉकीज से रंगीन चौपाल होते हुए हद्दफ चौकी तक जाने वाला मार्ग सबसे ज्यादा खराब स्थिति में है, जबकि इस प्रमुख मार्ग से लोगों का आना-जाना अधिक रहता है। मोहल्ले में रहने वाले अशरफ अली ने बताया कि बारिश होने पर यह सड़क दलदली हो जाती है, तब और भी परेशानी होती है। जल्द ही गलियों की सड़क की मरम्मत होनी चाहिए।

सीवर लाइन डालने के बाद तुरंत ही सड़कों की मरम्मत कराए जाने के निर्देश हैं। गलियों की सड़कें खोदी गईं हैं, उनको भी ठीक करवाया जा रहा है। जहां पर खोदी हुई हैं वहां सड़क सही करवाई जाएंगी।

– सुनील कुमार यादव, एक्सईएन, जल निगम


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button