Shahjahanpur News: मेरठ मंडल ने 41-13 से जीता पहला मुकाबला
शाहजहांपुर। खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश एवं उत्तर प्रदेश कबड्डी संघ के समन्वय से तीन दिवसीय प्रदेश स्तरीय सब जूनियर बालिका कबड्डी प्रतियोगिता बृहस्पतिवार को शुरू हुई। प्रतियोगिता का पहला मुकाबला बरेली और मेरठ मंडल की टीमों के बीच हुआ। इसमें मेरठ मंडल की टीम 41-13 स्कोर से विजेता रही। बरेली मंडल को शिकस्त का सामना करना पड़ा। कुछ छह मुकाबले हुए।
प्रतियोगिता का दूसरा मैच लखनऊ बनाम अयोध्या मंडल की टीमों के बीच हुआ। इसमें लखनऊ मंडल ने 29-12 से विजयश्री प्राप्त की। इसके बाद अलीगढ़ व गोरखपुर मंडल के बीच 36-22 का स्कोर रहा। अलीगढ़ की टीम विजेता रही। चित्रकूट और देवीपाटन मंडल के बीच मुकाबले में स्कोर 23-8 रहा। चित्रकूट मंडल विजयी रहा।
विध्यांचल एवं कानपुर मंडल के बीच 47-14 का स्कोर रहा, विध्यांचल मंडल की टीम विजेता बनी। सहारनपुर मंडल व आगरा मंडल के बीच 23-7 स्कोर से आगरा विजयी रहा। आगरा छात्रावास व आजमगढ़ मंडल के बीच खेल में छात्रावास की टीम ने 43-11 से जीत हासिल की। इस तरह से कुल छह मुकाबले हुए।
इससे पहले प्रतियोगिता के शुभारंभ पर मिलेनियम वर्ल्ड स्कूल के बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुति दी। मंडलीय टीमों के खिलाड़ियों ने मार्च निकालकर मुख्य अतिथि डीएम उमेश प्रताप सिंह को सलामी दी। इसके बाद डीएम उमेश प्रताप सिंह ने फीता काटकर व खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उद्धाटन किया।
उन्होंने कहा कि कबड्डी हमें जीवन जीने का तरीका सिखाती है। जिस तरह कबड्डी में विरोधी तथा समर्थक होते हैं, वैसे ही जीवन में भी विरोधी और समर्थक होते हैं। उन्होंने कहा- खेल से टीम भावना विकसित होती है, जो जीवन में सदैव काम आती है। इस मौके पर प्रमुख रूप से कबड्डी संघ के सचिव राजेश कुमार, तकनीकी कमेटी के चेयरमैन विनोद कुमार सिंह, जिला ओलंपिक संघ के सचिव नरेंद्र त्यागी, जिला क्रीड़ा अधिकारी एसपी बमनिया, अंशुमान सिंह मैसी, सचिन प्रेमी, प्रमोद पांडेय, अरविंद सिंह, विनय गुप्ता, निधि यादव, दिव्यांशी अवस्थी आदि मौजूद रहे।
बालिका हुई बेहोश, नहीं पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम
कबड्डी प्रतियोगिता के उद्धाटन से पहले सभी टीमों के खिलाड़ी मार्च पास्ट की तैयारी कर रहे थे। गर्मी के कारण खिलाड़ियों का हाल बेहाल था। इसी बीच सहारनपुर मंडल की खिलाड़ी अंजलि बेसुध होकर गिर गई। साथी खिलाड़ियों व प्रशिक्षकों ने उसे किसी तरह से संभाला, लेकिन पूर्व सूचना के बावजूद स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर नहीं पहुंची। जानकारी होने पर डीएम ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने सीएओ को फोन कर तुरंत टीम भेजने को कहा।