शाहजहाँपुर

Shahjahanpur News: आईटीआई में प्रवेश के लिए हुए आवेदन, जारी होने वाली है मेरिट

Connect News 24

Application for admission in ITI, merit is going to be released

राजकीय आईटीआई, रोजा

शाहजहांपुर। यूपी बोर्ड और सीबीएसई से हाईस्कूल की परीक्षा देने के बाद कई छात्र-छात्राओं ने तकनीकी शिक्षण संस्थानों में शिक्षा प्राप्त करने के लिए आवेदन किया है। आवेदन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब मेरिट लिस्ट जारी की जाएगी। प्रवेश मेरिट के आधार पर ही लिए जाएंगे।

जिले में तीन राजकीय और नौ निजी आईटीआई हैं। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान रोजा में कुल 492 सीटें है, जबकि जलालाबाद व पुवायां स्थित राजकीय आईटीआई में 396-396। मेरिट के आधार पर इन्हीं सीटों पर दाखिले लिए जाने हैं। प्रवेश के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि सोमवार थी। अब मेरिट लिस्ट चार चरणों में जारी की जाएगी।

पहले चरण की लिस्ट अगले दस दिन में आना संभावित है। मेरिट लिस्ट जारी होने पर जिन अभ्यर्थियों का नाम उसमें आएगा, उनको निर्धारित समय में प्रवेश लेना होगा। जिन अभ्यर्थियों का नाम पहली मेरिट लिस्ट में नहीं आएगा, उन्हें अगली मेरिट लिस्ट में मौका मिल सकता है। चौथी मेरिट लिस्ट के जारी होने पर काउंसलिंग के आधार पर प्रवेश लिए जाएंगे।

सरकारी फीस 40 रुपये, निजी में 18 हजार

राजकीय आईटीआई में प्रत्येक वर्ष की फीस 40 रुपये निर्धारित है। इसके अलावा 300 रुपये कॉशन मनी के रूप में लिए जाते हैं। यह कॉशन मनी आईटीआई उत्तीर्ण होने के बाद लौटा दी जाएगी। वहीं, निजी आईटीआई में प्रत्येक वर्ष के लिए 18 हजार रुपये फीस निर्धारित है। इसके अलावा रजिस्ट्रेशन आदि की फीस कॉलेज अलग से भी लेते हैं।

एक से दो साल तक के होते हैं कोर्स

आईटीआई में विभिन्न ट्रेडों के लिए प्रवेश लिए जाएंगे। इनमें एक से दो साल तक के कोर्स होते हैं। राजकीय आईटीआई रोजा में छह माह का हिंदी टंकण कोर्स भी करवाया जाता है। अधिकांश अभ्यर्थी फिटर, मैकेनिकल, इलेक्ट्रीशियन, प्लंबर, वेल्डर, टर्नर आदि ट्रेडों के लिए प्रवेश लेते हैं, जोकि दो साल की होती है। कंप्यूटर ऑपरेटर एंड प्रोग्रामिंग असिस्टेंट (कोपा) का कोर्स एक साल का है।

आईटीआई में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन लिए जाते हैं। आवेदन करने की अंतिम तिथि सोमवार को निकल चुकी है। अब मेरिट लिस्ट जारी की जाएगी, जिसमें आने वाले अभ्यर्थियों का पहले चरण में दाखिला लिया जाएगा। – नागेंद्र सिंह, प्रधानाचार्य, राजकीय आईटीआई, रोजा


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button