Pilibhit News: कोतवाली गेट पर जाम लगाकर पुलिस के खिलाफ किया प्रदर्शन
संवाद न्यूज एजेंसी, पीलीभीत
Updated Tue, 11 Jul 2023 11:53 PM IST

पूरनपुर कोतवाली गेट के सामने धरना देकर पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन करते लोग । संवाद
पूरनपुर। मारपीट के मामले में पुलिस ने दोनों पक्षाें की ओर से रिपोर्ट दर्ज की, लेकिन एक पक्ष को जानकारी नहीं दी गई। इस पर उसने मंगलवार शाम को कोतवाली गेट पर प्रदर्शन किया। कोतवाल के बताने पर कि उनकी तरफ से रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है प्रदर्शनकारी मानें। कोतवाल का कहना है कि बेवजह जाम लगाकर प्रदर्शन करने पर प्रदर्शनकारियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
सात जुलाई को गांव हरीपुर कलां में विवाद पर दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई थी। मारपीट में दोनों पक्ष के लोग घायल हुए। पुलिस ने एक पक्ष की मीना की ओर सेे आठ लोगों के खिलाफ एक राय होकर घर में घुसकर मारपीट कर धमकाने की रिपोर्ट दर्ज की थी। दूसरे पक्ष के हसरत की ओर से नौ जुलाई को 12 लोगों के खिलाफ एक राय होकर घर में घुसकर गालीगलौज कर मारपीट और तोडफ़ोड़ करने की रिपोर्ट दर्ज की थी।
मंगलवार शाम सात बजे मीना पक्ष के लोगों ने घायल मीना को साथ लेकर कोतवाली गेट पर जाम लगाकर पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन किया। मीना का कहना था कि पुलिस ने उनकी तरफ से रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। उसके गंभीर चोटें लगी हैं। कोतवाली गेट पर पुलिस के खिलाफ धरना-प्रदर्शन की जानकारी पर पहुंचे कोतवाल आशुतोष रघुवंशी ने बताया कि उनकी ओर से पहले ही रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जानकारी होने पर प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया। कोतवाल आशुतोष रघुवंशी ने बताया कि बेवजह जाम लगाकर कोतवाली गेट के सामने धरना प्रदर्शन करने पर प्रदर्शनकारियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।