Shahjahanpur News: न्यूनतम पारे में आई तीन अंकों की गिरावट, रात में बढ़ी ठंड
शाहजहांपुर। मौसम करवट बदलने लगा है। न्यूनतम तापमान में अचानक गिरावट आई है। मौसम विभाग के मुताबिक न्यूनतम तापमान में और गिरावट हो सकती है।
गन्ना शोध संस्थान के मौसम वैज्ञानिक डॉ. मनमोहन सिंह ने बताया गया कि शुक्रवार को अधिकतम तापमान 30.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
जबकि बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18.6 डिग्री सेल्सियस रहा। बृहस्पतिवार के मुकाबले शुक्रवार को अधिकतम तापमान में 0.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान में 3.1 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई।
बताया कि अक्तूबर में सामान्य तौर पर न्यूनतम तापमान 16 से 20 डिग्री सेल्सियस के बीच रहता है जबकि अधिकतम तापमान 28 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रहता है। अभी अधिकतम तापमान में गिरावट की जरूरत है। न्यूनतम तापमान सामान्य से कम हो गया है। संवाद