Shahjahanpur News: विकास के मुद्दों पर आश्वासन की घुट्टी पिलाकर चले गए प्रभारी मंत्री
शाहजहांपुर। जिले के दो दिवसीय भ्रमण पर आए दिव्यांगजन सशक्तीकरण एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार और जिले के प्रभारी मंत्री नरेंद्र कश्यप मुख्य समस्याओं के सवालों पर घिरते नजर आए। प्रेसवार्ता में सरकार की उपलब्धियों का बखान कर रहे मंत्री करीब डेढ़ साल से बंद कोलाघाट पुल के मुद्दे, शहर में सड़कों की दुर्दशा, छुट्टा पशुओं की समस्या और जाम के सवालों पर सिर्फ आश्वासन देते रहे। ये समस्याएं कब तक हल होंगी, इनका सटीक जवाब नहीं दे सके। उन्होंने समाज कल्याण विभाग में हुए बहुचर्चित घोटाले से भी अनभिज्ञता जताई।
विकास कार्यों की समीक्षा बैठक के बाद जिले के प्रभारी मंत्री नरेंद्र कश्यप ने पत्रकारों से वार्ता की। इस दौरान प्रभारी मंत्री ने बताया कि कोलाघाट पुल के निर्माण को लेकर समीक्षा बैठक में चर्चा हुई थी। संबंधितों को निर्देशित दिए गए हैं कि वे पुल की मरम्मत या पुनर्निर्माण को लेकर जरूरी कार्रवाई करें जिससे लोगों को सहूलियत मिल सके। शहर में सड़कों की दुर्दशा पर उन्होंने कहा कि एसटीपी का काम दिसंबर तक पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
शहर में छुट्टा पशुओं की समस्या पर मंत्री ने कहा कि शहर में घूमने के दौरान उन्हें इस बार छुट्टा पशु नजर नहीं आए। उन्होंने कान्हा गोआश्रय केंद्र का निरीक्षण किया है। वहां व्यवस्था ठीक है, फिर भी जो छुट्टा पशु होंगे, उन्हें रखने के लिए व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए हैं। जाम से बचने के लिए अधिकारियों को ऑटो, ई-रिक्शा के स्टैंड के लिए स्थान चिह्नित करने के निर्देश दिए हैं। प्रेस वार्ता में प्रभारी मंत्री ने कहा कि सभी को सत्ता का लालच है, लेकिन हमें जनता की सेवा का लालच है। उन्होंने अखिलेश यादव, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता परिवारवाद को नकार चुकी है।
दिव्यांगों और पेंशनर्स ने बताई व्यथा
विकास भवन सभागार से निकले प्रभारी मंत्री नरेंद्र कश्यप को बाहर कई दिव्यांग और पेंशनरों ने घेर लिया और अपनी व्यथा सुनाई। एक दिव्यांग ने ट्राइसाइकिल की मांग की। इस पर उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया। पेंशन न मिलने की शिकायत कुछ महिलाओं ने बताई तो उन्होंने निराकरण के लिए अधिकारियों से कहा।
मंत्री ने दिव्यांगों को बांटीं ट्राइसकिल
बुधवार को प्रभारी मंत्री ने विकास भवन परिसर में 15 दिव्यांगजनों को ट्राई साइकिल, पांच दिव्यांगजनों को व्हील चेयर, पांच दिव्यांगों को श्रवण यंत्र एवं पांच बैसाखी का वितरण किया। इसके बाद प्रभारी मंत्री नरेंद्र कश्यप ने विकास भवन सभागार में संबंधित अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा की। बैठक के दौरान प्रभारी मंत्री ने निर्माण कार्यों में लापरवाही बरतने पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गन्ना मूल्य का भुगतान न करने पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों की तैनाती एवं कार्य का भौतिक सत्यापन जरूर किया जाए। बैठक के दौरान डीएम उमेश प्रताप सिंह, सांसद मिथिलेश कुमार, एसपी एस. आनंद, महापौर अर्चना वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष ममता यादव, सीडीओ श्याम बहादुर सिंह, नगर आयुक्त संतोष कुमार शर्मा, एमएलसी डॉ. सुधीर गुप्ता आदि मौजूद रहे।
रेलवे की खाली भूमि का करें सार्वजनिक इस्तेमाल
फोटो – 31
शाहजहांपुर। प्रभारी मंत्री नरेंद्र कश्यप ने बुधवार को नगर क्षेत्र के बरेली मोड़, बरेली मोड़ स्थित नाला, अजीजगंज चौराहा, गर्रा पुल, राजघाट पुलिस चौकी, बहादुरपुरा स्थित वाल्मीकि वाटिका के पास नाला, बहादुरगंज स्थित सब्जी मंडी, जेल के पीछे पार्किंग स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रेलवे की रिक्त भूमि को सार्वजनिक उपयोग में लाने के लिए रेलवे के अधिकारियों से समन्वय बनाने के लिए निर्देशित किया। बरसात से पहले नाले-नालियों की सफाई कराने के निर्देश दिए।