शाहजहाँपुर

Shahjahanpur News: कछियानी खेड़ा मंदिर के शेष भाग को जेसीबी से ढहाया, आधे घंटे बंद रहा राष्ट्रीय राजमार्ग

Connect News 24

तिलहर। लखनऊ-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित कछियानी खेड़ा हनुमान मंदिर को मूर्ति सहित पीछे हटाए जाने के बाद बाकी हिस्से को बुधवार को जेसीबी से ध्वस्त कर दिया गया। इस दौरान लगभग आधा घंटे तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात बंद रहा। इससे वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

बुधवार दोपहर लगभग 12 बजे एसडीएम दीपशिखा सिंह, सीओ प्रयांक जैन, तहसीलदार ज्ञानेंद्र नाथ और एनएचएआई के परियोजना निदेशक पीपी पाठक के नेतृत्व में टीम कछियानी खेड़ा हनुमान मंदिर पहुंची। सबसे पहले मंदिर के पुजारी रामलखन गिरि से मंदिर परिसर में रखा सामान हटाने के लिए कहा गया। इस दौरान मंदिर के मुख्य द्वार के ऊपर रखे श्रीराम दरबार, मंदिर के अंदर स्थापित शिवलिंग, शंकर-पार्वती की मूर्ति, मां दुर्गा और काली की मूर्ति को पीछे शिफ्ट किए गए मंदिर में स्थापित किया गया।

इस दौरान मंदिर परिसर में दीवार पर स्थापित हनुमान जी की प्रतिमा को हटाने में प्रशासन को मशक्कत करनी पड़ी। प्रतिमा को सुरक्षित ले जाने में लगभग तीन घंटे लगे। इस दौरान एडीएम प्रशासन संजय पांडेय, एसपी ग्रामीण संजीव वाजपेयी भी मंदिर स्थल पहुंच गए। एडीएम और एसपी ग्रामीण के निर्देशन में शाम लगभग चार बजे मंदिर के मुख्य द्वार, बाउंड्री और अंदर बने मंदिर के भवन को जेसीबी से तोड़ने का काम शुरू किया गया।

एक जेसीबी ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर खड़े होकर मंदिर की बाउंड्री और भवन को तोड़ना शुरू किया, जबकि दो जेसीबी ने अंदर से भवन तोड़ा। इस दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों का आवागमन बंद कर दिया गया। लगभग आधे घंटे तक राष्ट्रीय राजमार्ग बंद रहने से सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इस दौरान एनएचएआई के मैनेजर प्रशांत वाजपेयी, सीनियर इंजीनियर आकाश दीक्षित, तकनीकी सहायक रामाश्रय पांडे, सुधीर त्यागी, प्रमोद कुमार, नगर पालिका के ईओ सर्वेश कुशवाहा आदि मौजूद रहे।

मलबा हटते ही शुरू होगा सड़क निर्माण

एनएचएआई के सीनियर इंजीनियर आकाश दीक्षित ने बताया कि मंदिर का मलबा हटने के बाद एक-दो दिन में ही सड़क का निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। सड़क निर्माण में अब कोई बाधा नहीं रही है। लगभग 15 दिन में सड़क का निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा।

48 लाख रुपये से होगा मंदिर का निर्माण

एडीएम प्रशासन संजय पांडेय ने बताया कि मंदिर के निर्माण के लिए मंदिर समिति के खाते में 48 लाख रुपये जमा हो चुके हैं। मंदिर का निर्माण एक-दो दिन में शुरू करा दिया जाएगा। निर्माण का जिम्मा सीएनडीएस को सौंपा गया है। भव्य मंदिर बनाया जाएगा।

80 साल पुराना था मंदिर

राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे स्थित हनुमान मंदिर लगभग 80 साल पुराना है। तिलहर क्षेत्र के एक गांव के वैश्य परिवार ने मंदिर की स्थापना की थी। उन्होंने सड़क से निकलने वाले वाहनों से सहयोग लेकर मंदिर का निर्माण कराया था। लगभग एक दशक से हरदोई से आकर मंदिर में रह रहे रामलखन गिरि अब मंदिर की व्यवस्था देखते हैं। लगभग पांच वर्ष पहले मंदिर को राजमार्ग से हटाने के लिए प्रशासन ने प्रयास किए लेकिन तब सफलता नहीं मिली थी। बाद में वित्त मंत्री सुरेश खन्ना के प्रयासों के बाद मंदिर को पीछे ले जाने पर सहमति बनी थी। मंदिर के पीछे बाबू खां द्वारा दान दी गई एक बीघा जमीन पर हनुमान की विशाल प्रतिमा और मंदिर को सात महीने में शिफ्ट किया गया।

उर्स में कुत्तों पर बेरहमी से बरसाईं लाठियां, वीडियो वायरल

पीपुल फॉर एनिमल्स के अध्यक्ष ने सदर थाने में दी तहरीर

फोटो नंबर 25

संवाद न्यूज एजेंसी

शाहजहांपुर। उर्स के दौरान कुत्तों पर बेरहमी से लाठियां बरसाने का वीडियो वायरल होने पर पीरुल फॉर एनमिल्स यूनिट-टू के अध्यक्ष ने थाना सदर बाजार में तहरीर दी है। वीडियो एमनजई जलालनगर स्थित बब्बू मियां की मजार के पास का बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

बुधवार को वायरल हुए वीडियो में कुर्ता-पायजामा पहने युवक बेरहमी से कुत्तों पर लाठियां बरसाते नजर आ रहा। वीडियो उर्स शरीफ के दौरान बनाया गया है। इसमें आसपास सजावट दिख रही है। कव्वाली होने की आवाज भी आ रही है। वीडियो थाना सदर बाजार क्षेत्र के मोहल्ला एमनजई जलालनगर में बब्बू मियां की मजार के पास का बताया जा रहा है। पीपुल फॉर एनमिल्स के अध्यक्ष श्रीश दीक्षित ने इसका संज्ञान लेकर थाने पर तहरीर दी है।

पति ने फोन नहीं उठाया तो फंदे से लटककर दे दी जान

मदनापुर थाना क्षेत्र के बरीखास का मामला, पति से चल रही थी अनबन

संवाद न्यूज एजेंसी

शाहजहांपुर। मदनापुर थाना क्षेत्र के बरीखास गांव निवासी सर्वेश की पत्नी 25 वर्षीय अमृता ने फंदे से लटककर जान दे दी। उसका शव दुपट्टे के सहारे लटका मिला। पुलिस की जांच में सामने आया है कि पति से अनबन चल रही होने और उसके फोन न उठाने पर उसने आत्महत्या की है।

बहराइच जिले की अमृता की शादी दो साल पहले बरीखास निवासी सर्वेश से हुई थी। सर्वेश दिल्ली में रहकर मजदूरी करता है। दो माह पहले ही वह दिल्ली गया था। अमृता यहां अपनी सास के साथ रहती थी। मंगलवार दोपहर अमृता ने कमरे में धन्नी से दुपट्टा का फंदा बनाकर जान दे दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

ससुर नन्हकू ने बताया कि अमृता और सर्वेश के बीच अनबन रहती थी। अमृता का फोन सर्वेश काम में व्यस्त होने के चलते फोन नहीं उठा पाता था। जब सर्वेश ने फोन किया तो अमृता ने उसका नंबर ब्लैक लिस्ट में डाल दिया और फिर आत्महत्या कर ली। सीओ सदर अमित चौरसिया ने बताया कि अमृता की यह दूसरी शादी थी। दंपती में विवाद की बात सामने आ रही है। अभी कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई।

पुवायां में डंपर से कुचलकर साइकिल सवार छात्र की मौत

फोटो- 24 पीडब्ल्यूएनपी 01 और 02

– दाल लेकर साइकिल से जा रहा था घर, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

संवाद न्यूज एजेंसी

पुवायां। नगर के मोहल्ला हरदयाल कूंचा निवासी अनिल सोनी के 12 वर्षीय पुत्र वंश की शाहजहांपुर रोड पर डंपर से कुचलकर मौत हो गई। लोगों ने डंपर चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। वंश पुवायां पब्लिक स्कूल में कक्षा पांच का छात्र था।

वंश बुधवार दोपहर बाजार से दाल खरीदकर साइकिल से घर लौट रहा था, तभी शाहजहांपुर रोड पर तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आ गया। हादसे के बाद लोगों ने डपर चालक को पकड़ लिया। घायल वंश को सीएचसी लाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। वंश के घरवाले भी रोते-बिलखते सीएचसी पहुंच गए। पुलिस ने वंश का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। डंपर सीज कर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।

एक दिन पहले ही कराई थी साइकिल की मरम्मत

अनिल सोनी ने बताया कि घर पर एक साइकिल काफी समय से खराब पड़ी थी। 23 मई को ही साइकिल की मरम्मत कराई गई थी। उन्हें नहीं पता था कि साइकिल वंश की मौत का कारण बन जाएगी। बुधवार दोपहर घर में खिचड़ी बननी थी। वंश खिचड़ी के लिए उड़द की दाल लेने गया था।

ससुराल से लौट रहे युवक की बाइक ट्रैक्टर से टकराई, पत्नी की मौत

कांट के कुर्रियाकलां रोड पर मंगलवार शाम पांच बजे हुआ हादसा

संवाद न्यूज एजेंसी

शाहजहांपुर। मीरानपुर कटरा थाना क्षेत्र के गांव रसेवन निवासी कुलदीप की पत्नी 22 वर्षीय माधुरी की हादसे में मौत हो गई। वह पति के साथ बाइक से अपने मायके से ससुराल लौट रही थीं, तभी बाइक ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर कुर्रियाकलां चौकी पर खड़ा करा लिया है।

कुलदीप की ससुराल हरदोई जिले के चिल्हौर गांव में है। कुलदीप अपनी पत्नी माधुरी के साथ ससुराल गए थे। मंगलवार शाम करीब पांच बजे दोनों बाइक से लौट रहे थे, तभी कांट थाना क्षेत्र के कुर्रियाकलां रोड पर अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में पीछे बैठी माधुरी गंभीर रूप से घायल हो गईं। पुलिस ने उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज भेजा, जहां उनकी मौत हो गई।

इधर, पोस्टमार्टम हाउस पर आए माधुरी के मायके वालों ने उनकी मौत पर सवाल खड़े किए हैं। पुलिस के अनुसार, मायके पक्ष ने पूर्व में दहेज मांगने आदि के आरोप भी लगाए हैं। मामले की जांच की जा रही है।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button