Shahjahanpur News: इंप्रूवमेंट, कंपार्टमेंट परीक्षा के लिए सचल दल गठित
शाहजहांपुर। यूपी बोर्ड के हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की इंप्रूवमेंट और कंपार्टमेंट परीक्षाओं को लेकर सचल दल का गठन कर दिया गया है। इसके साथ ही कंट्रोल रूम बनाकर अधिकारियों की ड्यूटी भी तय कर दी गई है।
इंप्रूवमेंट व कंपार्टमेंट की परीक्षाएं 22 जुलाई को जीआईसी व इस्लामिया इंटर कॉलेज में होंगी। परीक्षाएं दो पालियों में सम्पन्न कराई जाएंगी। दोनों ही विद्यालयों में परीक्षा को नकलविहीन व शांतिपूर्ण तरीके से करवाने की तैयारियां चल रहीं हैं। इसके तहत सचल दल का भी गठन किया गया है। सचल दलों के प्रभारी डीआईओएस हरिवंश कुमार रहेंगे।
सचल दल के सदस्यों में जीआईसी चांदापुर के प्रधानाचार्य धनवीर कुमार, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय नौगाई के प्रधानाध्यापक राजवीर सिंह और राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पिपरौला की सहायक अध्यापक आस्था भसीन को शामिल किया गया है। सचल दल परीक्षा के दौरान केंद्रों का निरीक्षण करेंगे।
कंट्रोल रूप में दो पालियों के लिए छह अधिकारी तैनात किए गए
परीक्षाओं के लिए कंट्रोल रूम बनाकर दोनों पालियों के लिए तीन-तीन अधिकारी तैनात किए गए हैं। पहली पाली में सुबह 7:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक कंट्रोल रूम के प्रभारी राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय शहबाजनगर के सहायक अध्यापक आशिक अली होंगे। उनके साथ ही राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कटका के कनिष्ठ सहायक उमेश कुमार व उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पिपरौला के कनिष्ठ सहायक सत्यपाल सिंह रहे।
द्वितीय पाली के लिए दोपहर 1:00 बजे से शाम 8:00 बजे तक के लिए कंट्रोल रूप प्रभारी राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दौलतपुर के प्रधानाध्यापक ओमप्रकाश होंगे। राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय शहबाजनगर के सहायक अध्यापक ब्रजेश कुमार तथा राजकीय कन्या इंटर कॉलेज के वरिष्ठ सहायक मौसम प्रधान मौजूद रहे।