Shahjahanpur News: नगर निगम पर कूड़ा उठान की जिम्मेदारी, फिर भी गंदगी के ढेर
शाहजहांपुर। नगर निगम ने डोर-टू-डोर कूड़ा उठान की जिम्मेदारी अपने हाथ में ले ली है। बावजूद इसके शहर में जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं।
रविवार को अवकाश के चलते कई मोहल्लों में कूड़ा उठान नहीं हुआ। यहां रहने वाले लोगों ने बताया कि कर्मचारी डोर-टू-डोर कूड़ा उठान करने नहीं आते हैं। मजबूरन घर का कचरा उन्हें बाहर फेंकना पड़ता है। इसके चलते कूड़े के ढेर लग जाते हैं। रविवार को मोहल्ला रंगीन चौपाल की गलियों में कई जगह कूड़े के ढेर लगे मिले।
उस्मान बाग पुलिस चौकी के पास ही रोड पर डलाव घर बना दिया गया है, जिसका कूड़ा सड़क पर बिखरा हुआ था। जानवर भी कूड़े के ढेर में खाने की चीजें तलाशते दिखे। मोहल्ला बाडूजई में पक्का तालाब पर बड़ी मात्रा में कूड़ा बिखरा रहा। यह स्थिति हमेशा ही बनी रहती है, जिससे मोहल्ले वालों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। मोहल्ला तारीन टिकली में कूड़े का पूरा पहाड़ बना हुआ है, इसका निस्तारण भी सालों से नहीं हो रहा। जबकि नगर निगम की ओर शहर को स्वच्छ व सुंदर बनाए जाने का दावा किया जाता है।
चल रहा स्वच्छ सर्वेक्षण
वर्तमान में स्वच्छ सर्वेक्षण चल रहा है, जिसके तहत नगर निगम की रैकिंग को बढ़ाए जाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। इसके लिए शहर में सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के साथ ही, नालों की सफाई, नियमित कूड़ा उठान आदि के लिए भी कवायद की जानी है। लेकिन यह सब गली-मोहल्लों में कहीं दिखाई नहीं देता है। सिर्फ मुख्य मार्गों को चमकाकर वाहवाही लूटने और रैकिंग बढ़ाए जाने का प्रयास होता है।
नगर निगम के पास कूड़ा उठान की व्यवस्था
डोर-टू-डार कूड़ा कलेक्शन के लिए – 197 कर्मचारी
मैजिक – 40
ई-रिक्शा – 45
डलाव घरों व वार्डों से कूड़ा उठान के लिए – 900 कर्मचारी
जेसीबी – 02
डंपर – 02
ट्रॉली – 30