Pilibhit News: राजस्व विभाग एक माह बाद भी नहीं ले पाया जमीन पर कब्जा
संवाद न्यूज एजेंसी, पीलीभीत
Updated Mon, 14 Aug 2023 12:08 AM IST
बीसलपुर। राजस्व विभाग एक माह बाद भी गांव दियोहना में ग्राम पंचायत की जमीन पर बने धर्मस्थल को अपने कब्जे में नहीं ले सका है। इससे असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद हैं।
गांव दियोहना के लोगों ने एक माह पूर्व एसडीएम और दियोरिया कोतवाली पुलिस से गांव स्थित धर्मस्थल पर दबंगों के कब्जा कर लेने की शिकायत की थी। ग्रामीणों का कहना था कि धर्मस्थल के महंत की मौत के बाद दबंग वहां अवैध तरीके से शराब बेच रहे हैं। नायब तहसीलदार रमेश चंद्र ने मामले की जांच की तो पता चला कि जिस जमीन पर धर्मस्थल बना है, वह ग्राम पंचायत की है।
नायब तहसीलदार की रिपोर्ट मिलने के बाद एसडीएम ने राजस्व विभाग को जमीन अपने कब्जे में लेने का आदेश दिया, लेकिन अब तक इस पर अमल नहीं हो सका है। इस बाबत नायब तहसीलदार रमेश चंद्र ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम निपटने के बाद उपजिलाधिकारी से अनुमति लेकर जमीन को कब्जे में लिया जाएगा।