सौहार्द का संदेश: बरेली के तिलियापुर में दिल मिले… खत्म हुआ तनाव, कांवड़ियों पर मुस्लिमों ने बरसाए फूल

तिलियापुर गांव में निकली कांवड़ यात्रा
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
सावन महीने में दो बार बवाल के बाद बरेली में सांप्रदायिक सौहार्द की बयार बहने लगी है। सीबीगंज के तिलियापुर और इज्जतनगर के परतापुर में कांवड़ यात्रा को लेकर पिछले वर्षों में विवाद हुआ था। इस बार पुलिस-प्रशासन की सकारात्मक पहल से मुस्लिमों ने फूल बरसाकर कांवड़ यात्रा का स्वागत किया। सोमवार को कांवड़िये जलाभिषेक कर इसी रास्ते घर लौटेंगे।
तिलियापुर में कांवड़ यात्रा के रास्ते को लेकर दो पक्षों के बीच हालात तनावपूर्ण बने हुए थे। दो बार थाने में पंचायत के बाद विवाद को हल कर लिया गया था। इसके बाद भी एक पक्ष के कुछ खुराफाती लोगों ने एसएसपी को झूठी शिकायत भेजकर थाना पुलिस पर एकतरफा फैसला करने का आरोप लगाया था। एसएसपी ने जांच कराई तो शिकायत झूठी पाई गई। एसएसपी ने एहतियात के तौर पर गांव में आरएएफ, पुलिस व पीएसी को तैनात कर दिया था।
कांवड़ियों पर की पुष्पवर्षा
रविवार शाम चार बजे शांतिपूर्ण माहौल में कांवड़िये गंगाजल लेने कछला रवाना हुए। हिंदू व मुस्लिम समाज के संभ्रांत लोगों ने पुष्प वर्षा कर कांवड़ियों का स्वागत किया। पुलिस भी मुस्तैद रही।



