Shahjahanpur News: नाला सफाई की खुली पोल, नगर निगम क्षेत्र में हुआ जलभराव
शाहजहांपुर। शहर के 188 छोटे-बड़े नालों की तलीझाड़ सफाई का नगर निगम का दावा बुधवार को धड़ाम हो गया। सबसे ज्यादा जलभराव नगर निगम कार्यालय के आसपास ही दिखा। नगर निगम परिसर में ही पानी भरा रहा। इसके अलावा शहीद उद्यान, टाउनहॉल, रोडवेज रेलवे फाटक के पास जलभराव से लोगों का निकलना मुश्किल हो गया। कई घंटे बाद पानी उतरने पर लोगों ने राहत की सांस ली। इसके अलावा खिरनीबाग, अंटा क्षेत्र, पुराना जिला अस्पताल मार्ग आदि स्थानों पर भी जलभराव और कीचड़ से लोग परेशान रहे।
साउथ सिटी में नाली चोक होने से जलभराव
शाहजहांपुर। झमाझम बारिश के चलते शहर की पॉश कॉलोनी सिटी जलमग्न हो गई है। काॅलोनी की सड़कों पर नालियां चोक होने की वजह से पानी भरा हुआ है। इसके चलते लोगों को अपने गंतव्य तक आने-जाने में परेशान हो रही है। कॉलोनी में जगह-जगह कूड़े के ढेर लग गए हैं। कॉलोनी में कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी समेत बड़े व्यापारी भी रहते हैं। संवाद
नगर आयुक्त ने जलभराव की स्थिति को देखा
शाहजहांपुर। नगर आयुक्त संतोष कुमार शर्मा ने बारिश के बाद महिला थाना के पास, अहमदपुर नियाजपुर, लोहारों वाला चौराहा, बांस मंडी एवं अन्य क्षेत्रों का निरीक्षण किया। जहां जलभराव की स्थिति को बनी हुई थी। इस दौरान सड़क धंसी पाई जाने पर मरम्मत कराने के निर्देश दिए। दीवार गिरने के कारण नाले में गिरे मलबे को निकलवाया। इस मौके पर अपर नगर आयुक्त एसके सिंह, मुख्य अभियंता सिविल एसके अंबेडकर, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज कुमार मिश्रा आदि मौजूद रहे। संवाद