Shahjahanpur News: दाखिल-खारिज में लापरवाही, नायब तहसीलदारों से किया जवाब-तलब
शाहजहांपुर। शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस में गए डीएम ने तहसील सदर का निरीक्षण किया तो सैकड़ों मामले लंबित देखकर कड़ी नाराजगी जाहिर की थी। इसी क्रम में उन्होंने बुधवार को तीन नायब तहसीलदार को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। तीन रजिस्ट्रार कानूनगो की जांच एसडीएम सदर को सौंपी है।
डीएम उमेश प्रताप सिंह ने संपूर्ण समाधान दिवस पर सदर तहसील में निरीक्षण किया था। इसमें काफी खामियां पाई गईं थीं। बड़ी संख्या में दाखिल-खारिज के मामले लंबित पाए गए। सदर तहसील में तैनात नायब तहसीलदार चंद्रगुप्त सागर की वर्ष 2023 की 372 फाइल लंबित मिलीं। इससे पुरानी 405 फाइल लंबित हैं।
नायब तहसीलदार भानु प्रताप की वर्ष 2023 की 151 और पुरानी 158 फाइल लंबित हैं। इसी तरह नायब तहसीलदार निवेदिता की वर्ष 2023 की 151 और पुरानी 189 फाइल लंबित हैं, जबकि दाखिल-खारिज की फाइल का निस्तारण 45 दिन के अंदर होना होता है। डीएम ने तीनों नायब तहसीलदारों से जवाब-तलब किया है। वहीं रजिस्टार कानूनगो राजीव पांडेय, राजकमल और रवि की जांच एसडीएम सदर सतीश चंद्रा को जांच दी है। एसडीएम तीनों से जवाब-तलब करने के बाद कार्रवाई करेंगे।