शाहजहाँपुर

Shahjahanpur News: पांच लोगों की मौत में नया मोड़, साले ने लगाया हत्या का आरोप

Connect News 24

शाहजहांपुर। सेहरामऊ दक्षिणी थाना क्षेत्र के दिलावरपुर के पास हादसे में दंपती, दो बच्चों समेत पांच लोगों की हादसे में मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। रघुवीर की साली जूली के भाई शिवम ने बुधवार को एसपी को प्रार्थना पत्र देकर रघुवीर समेत पांचों लोगों की हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। वहीं पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। शाहबाद से बरेली मोड़ तक पुलिस सीसीटीवी फुटेज चेक कर रही है।

जैतीपुर थाना क्षेत्र के लालपुर बड़ागांव निवासी शिवम सिंह ने एसपी को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि बहन जूली देवी का विवाह तिलहर के सिउरा गांव निवासी सौरभ के साथ 13 मई 2021 को किया था। पति सौरभ व ससुर दहेज में बाइक की मांग करते थे। इसे लेकर कई बार पंचायत भी हुई। 22 जून को जूली की मौसी गुड़िया देवी की शादी में जाने के लिए भी सौरभ ने मना किया था, जबकि जूली की मां ने बेटे विपिन को भेजकर बुलवा लिया था। सौरभ ने बेटी आराध्या को भी साथ भेज दिया, जबकि बेटे शोभित व राधिका को नहीं भेजा था।

शिवम ने बताया कि 22 जून को शादी के दौरान रघुवीर के फोन पर सौरभ ने कई बार फोन कर कार्यक्रम के बारे में जानकारी ली। रास्ते में आते समय सेहरामऊ दक्षिणी में हादसा हो गया। शिवम ने बताया कि सूचना के बाद अस्पताल पहुंचने पर जूली व ज्योति के जेवर गायब मिले। पत्र में बताया कि हरदोई निवासी एक व्यक्ति भी विवाह में शामिल होने के बाद अपने घर लौट रहे थे। उन्होंने लौटते समय काली रंग की चार पहिया गाड़ी देखकर पांच-छह लोगों द्वारा मारपीट की घटना को देखा। शिवम ने बताया कि यह हादसा नहीं, बल्कि हत्या कराई गई है।

सीओ सदर अमित चौरसिया ने बताया कि मामले की रिपोर्ट अज्ञात चालक के खिलाफ दर्ज कर ली गई है। शाहबाद से लेकर बरेली मोड़ तक के कैमरों को देखा जा रहा है, जिससे वाहन का पता लगाया जा सके।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button