Shahjahanpur News: 148 करोड़ से बनेगा कोलाघाट पर नया टू-लेन पुल

कोलाघाट पुल जलालाबाद। संवाद
शाहजहांपुर। कोलाघाट पुल टूटने के बाद करीब डेढ़ साल से परेशानी झेल रहे लोगों के लिए राहत की खबर है। मरम्मत के बावजूद पुराने पुल से यातायात शुरू होने की संभावना कम होने के मद्देनजर सरकार 148 करोड़ से नया टू-लेन पुल बनवाएगी। पुराने पुल के समानांतर नए पुल के निर्माण कार्य को वित्तीय वर्ष 2023-24 में राज्य योजनांतर्गत नव निर्माण के लिए चौथे चरण के कार्यों में सम्मिलित कर लिया गया है।
29 नवंबर 2021 को 18 सौ मीटर लंबे कोलाघाट पुल का एक पिलर धंस गया था। पुल की मरम्मत पर 6.25 करोड़ रुपये खर्च हुए थे। फिर भी केंद्रीय सड़क अनुसंधान संस्थान की रिपोर्ट में पुल के कई पिलर कमजोर बताए गए थे। यही वजह है कि अब तक पुल से चार पहिया वाहनों के आवागमन की अनुमति नहीं दी गई है।
माना जा रहा है कि पुल से हल्के वाहनों का निकलना भी खतरनाक हो सकता है। पीडब्ल्यूडी मंत्री जितिन प्रसाद के मीडिया प्रभारी विनीत मिश्र ने बताया कि जलालाबाद-शमसाबाद-सौरिख होते हुए बिधूना मार्ग राज्य मार्ग संख्या-163 पर कोलाघाट पर निर्मित सेतु के समानांतर नए टू-लेन सेतु के निर्माण कार्य को वित्तीय वर्ष 2023-24 में राज्य योजनांतर्गत नव निर्माण के लिए चतुर्थ चरण के कार्यों में सम्मिलित कर लिया गया है। जितिन प्रसाद के प्रयासों से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से इसका अनुमोदन प्राप्त हो गया है। अब सेतु निर्माण की दिशा में आगे की कार्रवाई तेज हो जाएगी। विनीत मिश्र ने बताया कि नए सेतु पर 14822.07 लाख की लागत आएगी।