Shahjahanpur News: रुहेलखंड विवि की टीम में जिले की नौ महिला क्रिकेटरों का दबदबा

सुमनजीत कौर। स्रोत-स्वयं
शाहजहांपुर। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय, शिमला में 16 से 22 नवंबर तक आयोजित नॉर्थ जोन क्रिकेट टूर्नामेंट में महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय की 16 सदस्यीय टीम का गठन कर लिया गया है। टीम में शाहजहांपुर की खिलाड़ियों का दबदबा है। एसएस कॉलेज की सात और जीएफ कॉलेज की दो खिलाड़ियाें को टीम में जगह मिली है। खिलाड़ी शिमला पहुंच गईं हैं।
महिला वर्ल्ड कप के दौरान अमर उजाला की मुहिम से जुड़ने के बाद महाविद्यालय की छात्राओं ने भी क्रिकेट खेलना शुरू किया था। जिला क्रिकेट एसोसिएशन के मनोज यादव ने आगे आकर छात्राओं का जिलास्तरीय ट्रायल कराकर उनके अंदर उत्साह का संचार किया। नतीजतन छात्राओं ने क्रिकेट में कॅरिअर बनाने का सपना पूरा करने के लिए रोजाना अभ्यास किया। इसके चलते छात्राओं ने रुहेलखंड यूनिवर्सिटी की टीम में जगह बनाई है। एसएस कॉलेज के क्रीड़ा अधिकारी डॉ. अजीत सिंह चारग ने बताया कि कॉलेज की एकता मिश्रा, हर्शिता, सुमनजीत कौर, वसुंधरा, शिप्रा, नेहा, अंबिका का चयन हुआ है। इन्हें क्रिकेट कोच सौरभ मलिंगा अभ्यास कराते हैं। इसी तरह जीएफ कॉलेज की पल्लवी और अंशिका ने भी टीम में जगह बनाई है।
पिछले वर्ष भी यूनिवर्सिटी की टीम में जिले की सात छात्राओं ने जगह बनाई थी। वहां उनका प्रदर्शन संतोषजनक रहा था। उनके लगातार प्रदर्शन को देखते हुए फिर से छात्राओं का चयन किया गया है। जीएफ कॉलेज के क्रीड़ा अधिकारी डॉ. फैयाज अहमद ने बताया कि गत वर्ष पल्लवी टीम में शामिल थी। इस बार अंशिका ने भी टीम में जगह बनाई है।
-मैं टीम में विकेटकीपिंग और बल्लेबाजी करती हूं। कानपुर में ओपन ट्रायल दिया था लेकिन चयन नहीं हो सका। प्रयास है कि जल्द ही यूपी की टीम तक पहुंच सकूं।
सुमनजीत कौर, मीरानपुर कटरा
अधिक विकेट लेने का लक्ष्य
-स्पिन गेंदबाजी के जरिये अपनी टीम के लिए बेहतर प्रदर्शन करना है। विपक्षी टीम के अधिक विकेट लेने का प्रयास रहेगा। पहले भी शिमला में खेल चुकी हूं। इसका फायदा मिलेगा।
अंविका गंगवार, तिलहर

सुमनजीत कौर। स्रोत-स्वयं