Shahjahanpur News: कोई औपचारिकता नहीं, 22 मिनट में निपटा कार्यक्रम
शाहजहांपुर। कासगंज के ग्राम वरौना से मिर्जापुर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का हेलिपैड पर वित्त एवं संसदीय कार्यमंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने स्वागत किया। इसके बाद वह सीधे कार्यक्रम स्थल पहुंचे। मुख्यमंत्री ने बगैर किसी औपचारिकता के सीधे बाढ़ पीड़ितों को राहत सामग्री बांटना शुरू कर दिया। करीब चार मिनट में राहत सामग्री का वितरण हो गया। इसके बाद वह एक मिनट के लिए कुर्सी पर बैठे।
वित्तमंत्री और डीएम उमेश प्रताप सिंह से कुछ बात की और भाषण के लिए माइक संभाल लिया। करीब सात मिनट के भाषण में उन्होंने बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों की स्थिति और शासन के राहत कार्य के बारे में बताया। यह भी कहा कि बाढ़ पीड़ितों को हर 15 दिन के अंदर राहत सामग्री वितरित की जाएगी। इसके बाद वह सीधे कॉलेज के अंदर रेस्ट रूम में पहुंच गए। वहां पांच मिनट रुकने के बाद हेलीपैड पहुंचे और लखनऊ के लिए रवाना हो गए। संवाद