Shahjahanpur News: अब नए भवन में होगी छात्राओं की पढ़ाई
शाहजहांपुर। चौक स्थित राजकीय कन्या इंटर काॅलेज (जीजीआईसी) की छात्राओं का इंतजार आठ साल के बाद खत्म हो गया। पुराने जर्जर भवन में पढ़ाई करने वालीं छात्राएं अब इस माह से नई कक्षाओं में पढ़ाई कर सकेंगी। बेहतर सुविधाओं वाली कक्षाएं मिलने से छात्राएं भी काफी खुश हैं।
जीजीआईसी का भवन काफी जर्जर था। बारिश में कक्षाओं में पानी भी टपकता था। कई कक्षाओं के लिंटर से प्लास्टर टूटकर गिरने के कारण कक्षाएं बरामदे में चलती थीं। सपा सरकार में युवा नेता अजय पांडेय अंशु ने भवन के नवनिर्माण के लिए शासन से 1146.76 लाख रुपये का बजट स्वीकृत कराया था। 2015 में भवन को निष्प्रयोज्य घोषित करते हुए जूनियर भवन में छात्राओं की कक्षाएं शुरू कर दी गईं थीं। वहां पर कम कक्षाएं होने के साथ जर्जर भवन में छात्राओं को पढ़ाना मुश्किल होता था।
बारिश के मौसम में सुरक्षा की दृष्टि से छात्राओं का अवकाश कर दिया जाता था। इधर, सत्ता परिवर्तन के बाद बजट आवंटन में फंसे पेंच को मंत्री सुरेश खन्ना ने निकाला और फिर से काम शुरू करा दिया गया। भवन बनने के बाद फरवरी 2023 में भवन हैंडओवर कर दिया था, लेकिन 14 लाख का बिजली बकाया बिल भुगतान न होने के कारण छात्राओं को शिफ्ट नहीं किया जा सका था। अब छात्राओं को नए भवन में शिफ्ट कर दिया गया है। नए भवन में जाकर कॉलेज की करीब 2500 छात्राएं काफी खुश हैं। लड़कियों के चेहरे खुशी से खिल उठे हैं।
14 लाख बिल बकाया होने पर फंसा था पेंच
भवन बनकर तैयार होने के बाद बिजली का बिल 14 लाख रुपये बकाया होने के कारण छात्राओं को नए भवन में शिफ्ट नहीं किया जा सका था। स्कूल के प्रधानाचार्य बिजली का उपयोग खुद नहीं करने पर भुगतान से इन्कार कर रहे थे। उनका कहना था कि 2016-17 से अब बिजली का उपयोग कार्यदायी संस्था के ठेकेदार ने किया है, जबकि ठेकेदार जनरेटर का प्रयोग करने की बात कह रहा था। हालांकि, समस्या का हल निकाला गया। स्कूल के दूसरे कनेक्शन से बिजली का उपयोग करने की बात कहकर छात्राओं को नए भवन में शिफ्ट कराया गया।
पुराने भवन को काफी पहले ही कंडम घोषित कर दिया गया था। अब छात्राओं को नए भवन में शिफ्ट कर दिया गया है। लंबे समय के बाद नया भवन में छात्राओं की कक्षाएं शुरू हो सकी हैं।
– विमला वर्मा, प्रधानाचार्य, जीआईसी