Shahjahanpur News: पराली पर इलाज, झांकने तक नहीं पहुंचे अफसर
संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहाँपुर
Updated Wed, 18 Oct 2023 12:56 AM IST
पुवायां। नाहिल मार्ग पर गांव बढ़ारू बिजला के पास पेड़ के नीचे पराली पर लिटाकर बुखार के मरीजों को ग्लूकोज चढ़ाकर इलाज का क्रम मंगलवार को भी जारी रहा। स्वास्थ्य विभाग के किसी अधिकारी ने मौके पर जांच की जरूरत नहीं समझी। वहीं अधिकारी कार्रवाई के लिए एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डालते रहे।
बढ़ारू बिजला के पास एक मेडिकल स्टोर के पास पेड़ के नीचे बुखार के लगभग 50 मरीजों को चारपाई और पराली पर लिटाकर इलाज किया जा रहा है जिस स्थान पर मरीज लेटे हैं, वहां झाड़ियां और गंदगी भी है। मच्छरों की भरमार के बीच सोमवार को बुखार के मरीजों का इलाज होने की खबर अमर उजाला ने मंगलवार को प्रकाशित की थी। अगले दिन भी रोगियों के इलाज का क्रम जारी रहा। पेड़ की टहनियों में रस्सी बांधकर उसमें ग्लूकोज की बोतलें लटकाई गईं। वहीं मरीजों को ग्लूकोज चढ़ाया जाता रहा। रोगियों के आसपास कई लोग यह निगरानी भी करते रहे कि कोई फोटो और वीडियो न शूट कर सके।