Shahjahanpur News: नाला बनवाने का अधिकारियों ने दिया आश्वासन, धरना स्थगित

तिलहर में आंदोलनकारियों से बातचीत करते नायब तहसीलदार जगत मोहन जोशी और पालिका ईओ कल्पना शर्मा। स
तिलहर। गांव मौजमपुर में नाला निर्माण को लेकर चार दिन से चल रहा धरना-प्रदर्शन अधिकारियों के आश्वासन के बाद स्थगित कर दिया गया है।
नाला निर्माण को लेकर ग्रामीण पिछले तीन महीने से आंदोलन कर रहे हैं। आश्वासन के बाद कई बार धरना-प्रदर्शन स्थगित हो चुका है। चार दिन पहले नाराज ग्रामीणों ने आंबेडकर पार्क में फिर से धरना शुरू कर दिया।
दो दिन पहले भाजपा नेता आरती सिंह ने पानी की टंकी पर चढ़कर नगर क्षेत्र में गांव का पानी निकलने का विरोध जताया। इसके बाद नाले का निर्माण फिर से अधर में लटक गया। सोमवार की शाम नायब तहसीलदार जगत मोहन जोशी, अवनीश कुमार और नगर पालिका की ईओ कल्पना शर्मा ने आंबेडकर पार्क पहुंचकर प्रदर्शनकारियों से वार्ता की।
वार्ता के दौरान प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन द्वारा अब तक नाले का निर्माण न कराए जाने पर कड़ी नाराजगी जताते हुए आंदोलन उग्र करने की चेतावनी दी। नायब तहसीलदार जगत मोहन जोशी ने आंदोलनकारियों को भरोसा दिलाया कि पूरे मामले से उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। शीघ्र वहां पर नाले का निर्माण कराया जाएगा। नायब तहसीलदार के आश्वासन के बाद समिति के अध्यक्ष रामलाल वर्मा ने धरना स्थगित कर दिया। संवाद

