Shahjahanpur News: ओशीन अनेजा ने शूटिंग प्रतिस्पर्धा में पाया दूसरा स्थान, राष्ट्रीय स्तर के लिए चयन

प्रतियोगिता में दूसरे स्थान व सिल्वर पदक के साथ ओशीन अनेजा। स्वयं
शाहजहांपुर। राज्य स्तरीय शूटिंग प्रतिस्पर्धा में तक्षशिला पब्लिक स्कूल में कक्षा नौ की छात्रा ओशीन अनेजा ने दूसरा स्थान प्राप्त किया है। राज्य स्कूल रायफल शूटिंग प्रतियोगिता हापुड़ में हुई थी। ओशीन मोहल्ला बहादुरगंज निवासी राकेश अनेजा व सलोनी अनेजा की पुत्री हैं।
हापुड़ के भविष्य पब्लिक स्कूल में राज्य स्कूल रायफल शूटिंग प्रतियोगिता हुई थी। इसमें प्रदेश के कई जिलों से लगभग 4000 अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया था। इनमें ओशीन अनेजा भी शामिल रहीं। उन्होंने 10 मीटर राइफल शूटिंग प्रतियोगिता में 400 में 385 अंक पाकर दूसरा स्थान और सिल्वर पदक हासिल किया है।
उत्तर प्रदेश राइफल एसोसिएशन के अध्यक्ष जीएस सिंह व अन्य अधिकारियों ने ओशीन को शुभकामनाएं दी हैं। इससे पहले मई में आयोजित जिला स्तरीय प्रतियोगिता में सर्वाधिक अंक पाने पर ओशीन का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में हुआ था। वह नौ पदक प्राप्त कर जनपद का नाम रोशन कर चुकी हैं। ओशीन ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने माता-पिता को दिया है। दादा राम प्रकाश अनेजा, शशि सेठी समेत अन्य परिजन ने हर्ष जताया।