Shahjahanpur News: आउटसोर्सिंग कर्मियों ने सेवा समाप्ति के नोटिस पर जताया रोष

सेवा समाप्त किए जाने पर ऑउटसोर्सिंग कर्मचारियों ने कलेक्ट्रेट में ज्ञापन दिया।संवाद
शाहजहांपुर। कोरोना काल में स्वास्थ्य विभाग में आउटसोर्सिंग पर नियुक्त किए गए 72 कर्मचारियों की सेवाएं 30 जून को समाप्त करने का नोटिस जारी किया गया है। इससे परेशान कर्मचारियों ने कलक्ट्रेट पहुंचकर रोष जताया। बाद में मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट डॉ. वेदप्रकाश मिश्र को सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया है कि आउटसोर्सिंग कर्मचारी एक एजेंसी के माध्यम से डीएम के निर्देश पर विभिन्न पदों पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर काम कर रहे हैं। कोरोना काल के दौरान कर्मचारियों ने अपनी जान की परवाह न करते हुए दिन-रात जिम्मेदारी के साथ काम किया। मिशन निदेशक ने 31 मई को पत्र जारी करके 30 जून तक सेवा समाप्त करने की घोषणा की है।
कर्मचारियों के मुताबिक उनके सामने परिवार के भरण पोषण का संकट आ गया है। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की है कि अपने स्तर से उनकी समस्या का निराकरण करें, ताकि उनके सामने आने वाला आर्थिक संकट दूर हो सके। इससे पूर्व आउटसोर्सिंग कर्मचारियों ने सीएमओ कार्यालय में सीएमओ डॉ. आरके गौतम को ज्ञापन दिया। इस दौरान अजय कुमार, महेश कुमार, राहुल, सतेंद्र सिंह, अनिल कुमार, विनोद कुमार, नीरज कुमार, सुमित कुमार, आसिफ, वीर सिंह, आशीष कुमार, बलराम आदि मौजूद रहे।