Shahjahanpur News: सफाईकर्मियों की समस्याओं पर ध्यान नहीं दे रहा नगर निगम

अखिल भारतीय सफाई मजदूर संघ की बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष रमेश चंद कटारिया
शाहजहांपुर। अखिल भारतीय सफाई मजदूर संघ की बैठक कटिया टोला स्थित वाल्मीकि मंदिर में हुई। इसमें जिलाध्यक्ष रमेशचंद कटारिया ने कहा कि इस समय सफाई कर्मचारी तमाम समस्याओं से जूझ रहे हैं। नगर निगम प्रशासन इन पर कोई ध्यान नहीं दे रहा है।
उन्होंने कहा कि संविदा सफाई कर्मचारी की मृत्यु होने पर परिवार के सदस्य की नियुक्ति ठेके पर की जाती है। यह निंदनीय है। उनकी मांग है कि आश्रित की नियुक्ति संविदा पर ही की जाए। नगर निगम कार्यालय में बैकलॉग के लगभग 50 सफाई कर्मचारी कार्यालय और रोशनी गोदाम में लगे हैं। उन्हें तुरंत उनके मूल पद पर भेजा जाए।
संघ के महानगर अध्यक्ष संजीव चौधरी ने कहा कि सबसे कम वेतन पाने वाले ठेका सफाई कर्मचारियों को वेतन हर महीने 10-12 तारीख को मिल पाता है। यह ठीक नहीं है। आशुतोष आनंद ने कहा कि जब तक सफाई कर्मचारी एक मंच पर नहीं आएंगे, तब तक उसका शोषण होता रहेगा। बैठक में रामकृपाल उर्फ मानू, मनोज भारती उर्फ सोनू कोठारी, रंजीत, रजनीश, विशाल, रवि, प्रदीप, सियाराम उर्फ शेरू, पप्पू, गौरव, हिमांशु आनंद, गौतम, मनोज, राकेश, रामदास आदि मौजूद रहे।