Shahjahanpur News: जी-20 की वजह से दिल्ली रूट पर नहीं मिल रहे यात्री
शाहजहांपुर। दिल्ली में होने वाले जी-20 सम्मेलन का असर शाहजहांपुर डिपो के राजस्व पर भी पड़ा है। सवारियों की कमी के चलते लांग रूट पर बसों की संख्या कम कर दी गई है। इस दौरान औसतन करीब सात लाख रुपये प्रतिदिन का राजस्व प्रभावित हुआ है।
बृहस्पतिवार से रोडवेज की बसों को पर्याप्त सवारियां नहीं मिल रहीं हैं। रात में भी तीन से चार गाड़ियां खड़ी रहीं। इसके अतिरिक्त लांग रूट की बसों में सवारियां कम होने से राजस्व भी घट गया है। डिपो प्रभारी विनोद मिश्रा ने बताया कि जी-20 के चलते दिल्ली में लॉकडाउन जैसे हालात हैं। लोग वहां जाने से कतरा रहे हैं।
शुक्रवार को भी दिल्ली रूट की कई गाड़ियां नहीं चलीं। इसके चलते प्रतिदिन सात लाख रुपये के राजस्व की हानि हो रही है। दो दिन पहले 36 लाख रुपये प्रतिदिन राजस्व आ रहा था, जबकि यह 29 लाख तक रह गया।