Shahjahanpur News: दिवाली पर बेबस होंगे यात्री, ट्रेनें भी फुल
शाहजहांपुर। दिवाली पर यात्रियों को अपनी मंजिल तक पहुंचने में परेशानी का सामना करना पड़ेगा, क्योंकि रोडवेज प्रशासन ने लांग रूट पर पर्याप्त बसों की व्यवस्था नहीं की है। वहीं, ट्रेनों में भी काफी प्रतीक्षा चल रही है।
रोडवेज के बेड़े में सरकारी 90 और अनुबंधित 83 बसें हैं। सर्वाधिक बसें दिल्ली और लखनऊ रूट पर संचालित होती हैं। कानपुर रूट पर तीन-चार बसों का ही संचालन किया जा रहा है। इनके अलावा दिल्ली से शाहजहांपुर आने वाले यात्रियों के लिए लखीमपुर और पीलीभीत जाने के लिए भी पर्याप्त बसें नहीं हैं। इन रूटों पर रोजाना सैकड़ों लोग यात्रा करते हैं। त्योहार के मद्देनजर इन रूट पर बसों को बढ़ाने की जरूरत है क्योंकि दिल्ली से आने वाले लखीमपुर के यात्री घर जाने के लिए शाहजहांपुर से ही बस पकड़ते हैं। वहीं बस अड्डे पर यात्रियों के बैठने के लिए कुर्सियां तक नहीं है। यात्रियों को जमीन पर बैठकर बसों का इंतजार करना पड़ता है।
आनंद विहार तक नहीं जा रहीं रोडवेज की बीएस-3 व 4 बसें : दिल्ली में प्रदूषण बढ़ने के कारण वहां पर बीएस-3 और 4 बसों का प्रवेश वर्जित कर दिया गया है। सिर्फ बीएस-6 बसों को ही आनंद विहार बस अड्डे तक लेकर जाने की अनुमति है। रूट पर 40 बसों का संचालन होता है, जबकि बीएस-6 बसों की संख्या मात्र 22 है। बीएस-3 और 4 बसों को कौशांबी बस अड्डे तक ही लेकर जा रही हैं।
कई ट्रेनों में चल रही 400 से ज्यादा वेटिंग : दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, बिहार आने-जाने वाली ट्रेनों में 400 तक वेटिंग चल रही है। दिल्ली से शाहजहांपुर आने वाली 12392 श्रमजीवी एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में 10 नवंबर को 198, थर्ड एसी में 100, 12 नवंबर को 129, थर्ड एसी में 11 नवंबर को 96 और 12 नवंबर को 33 वेटिंग है। 15274 सत्याग्रह एक्सप्रेस में 10 नवंबर को 323, 11 नवंबर को 380 और 12 नवंबर को 146 वेटिंग है। जबकि 14208 पदमावत एक्सप्रेस में 9 नवंबर को 255, 12 नवंबर को 130, 15910 अवध असाम एक्सप्रेस में 10 नवंबर को 237, 11 नवंबर को 262 तथा 12 नवंबर को 193 वेटिंग है। 14206 अयोध्या एक्सप्रेस में 10 नवंबर को 198, 12 नवंबर को 74, 15128 काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस में नौ नवंबर को 197 वेटिंग है। वहीं शाहजहांपुर से दिल्ली जाने वाली 14205 अयोध्या एक्सप्रेस में 15 नवंबर को 105 व 16 नवंबर को 102 वेटिंग है। हालांकि स्टेशन अधीक्षक पीएस तोमर ने बताया कि रेलवे ने तीन त्योहार विशेष ट्रेनों के संचालन की घोषणा की है, जोकि 7, 10 व 11 नवंबर से चलेगी। इन ट्रेनों से यात्रियों को राहत मिल सकेगी।