शाहजहाँपुर

Shahjahanpur News: चोरी करने घर में घुसे युवक को लोगों ने पकड़कर पीटा

Connect News 24

पुवायां। चोरी करने के लिए दीवार फांदकर घर में घुसे एक युवक को परिवार के लोगों ने पकड़ लिया। उसके दो साथी भाग गए। लोगों ने पकड़े गए चोर को जमकर पिटाई करने के बाद पुलिस को सौंप दिया। पकड़ा गया चोर मूलरूप से जैतीपुर के गांव खेड़ा बझेड़ा और वर्तमान में खुदागंज के गांव चमरौआ गौंटिया का रहने वाला रहीश मियां है।

रघुनाथपुर के श्याम कुमार के घर में रात करीब 11 बजे तीन चोर दीवार फांदकर घुस आए। चोरों ने कमरे में रखी अलमारी और बक्सा खोल लिया और उसमें नकदी, जेवर तलाशने लगे। आहट होने पर श्याम कुमार, श्यामकुमार के भाई अदित सिंह और पुत्र विशेष सिंह जाग गए। तीनों ने चोरों को पकड़ लिया। हाथापाई कर दो चोर भाग गए, जबकि रहीश मियां को लोगों ने पकड़ लिया।

शोर होने पर गांव के तमाम लोग भी मौके पर जमा हो गए। उन्होंने रहीश की जमकर पिटाई कर दी। उसके पास से चोरी की पायल बरामद हुई है। उसके फरार साथी घर से 5000 की नकदी और कपड़े आदि ले गए। पूछताछ में रहीश मियां ने भागे साथियों के नाम गढि़या रंगीन के गांव धारयपुर निवासी अनवार, मदनापुर के गांव इस्लामनगर पंखाखेड़ा निवासी छर्रा बताए हैं। पुलिस ने तीनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार राय ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर रहीश को कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट से आरोपी को जेल भेज दिया गया है।

सिर में लगी काफी चोट, गृहस्वामी ने कराया इलाज

चोरी के दौरान पकड़े गए रहीश मियां को काफी चोटें लगी हैं। उसके सिर में भी चोट है। श्यामकुमार और गांव के लोग आरोपी की पिटाई से इन्कार कर रहे हैं। श्याम कुमार का कहना है कि रहीश के सिर में चोट दीवार फांद कर भागने का प्रयास करने के दौरान लगी है। चोट के बाद उन्होंने 108 एंबुलेंस बुलाई। भाई अदित सिंह के साथ रहीश को सीएचसी लाए और इलाज कराने के बाद थाने लेकर पहुंचे।

पुवायां, खुदागंज और सिंधौली में चोरी की घटनाएं कबूली

रघुनाथपुर में पकड़े गए रहीश मियां ने पुलिस को बताया कि वह अनवार और छर्रा के साथ चोरी की घटनाओं को अंजाम देता है। इससे पूर्व वह खुदागंज, पुवायां और सिंधौली में चोरी की घटनाएं कर चुके हैं। सिंधौली और खुदागंज पुलिस गिरोह के लोगों ने तमंचा रखने और चोरी के आरोप में जेल भेज चुकी है।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button