Shahjahanpur News: हाईवे किनारे से लोग खुद ही तोड़ने लगे मकान-दुकान
पुवायां। पलिया-लखनऊ हाईवे पर शाहजहांपुर से खुटार के बीच रोड के चौड़ीकरण का काम चल रहा है। हाईवे किनारे गांवों में रोड को चौड़ा करने के लिए लोग खुद ही मकान, दुकान तोड़ने लगे हैं।
खुटार से पुवायां के बीच हाईवे कई स्थानों पर चौड़ा किया जा चुका है। हाईवे किनारे के गांव रामपुर कलां, गंगसरा आदि में अधिग्रहीत की गई जगह पर राजस्व विभाग की टीम ने पैमाइश कर निशान लगवा दिए थे। गांव गंगसरा में तीन दिन में और रामपुर कलां में आठ दिन में जगह खाली करने को कहा गया था। गंगसरा में रविवार को लोगों ने लगाए गए निशानों के बाहर के हिस्से में बने दुकान, मकानों को तोड़ना शुरू कर दिया है। हाईवे किनारे रखे खोखे आदि भी हटा दिए गए हैं।
गंगसरा में निर्माणाधीन पुलिस चौकी की जगह पर कुछ लोगों ने खोखे रख दिए थे। जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और खोखे हटाने को कहा। कुछ लोगों ने खोखे हटा लिए, लेकिन कुछ लोग मौके से खिसक लिए। इसके बाद पुलिस खोखे ट्राली में भरवाकर थाने ले आई। गांव में दिन भर घरों, दुकानों को तोड़ने का काम चलता रहा।
अब तक नहीं दिया गया है मुआवजा
गांव रामपुर कलां और गंगसरा में अधिग्रहीत की गई भूमि का तमाम लोगों को मुआवजा नहीं मिल सका है। लोगों ने मुआवजा देने के बाद ही अधिग्रहीत जमीन पर कब्जा लिए जाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि मुआवजा अभी नहीं मिला है और मकान, दुकान को भी तोड़ना पड़ रहा है। इससे उन्हें काफी नुकसान हो रहा है।