Shahjahanpur News: तालाब का पानी कई घरों में घुस जाने से लोगों का जीना मुहाल

तिलहर नगर पालिका में बारिश में फरियाद लेकर पहुंची भीगती पीड़ित महिलाएं
आंबेडकर गांव मौजमपुर गांव की महिलाओं ने बारिश में भीगते हुए नगर पालिका पहुंचकर नाराजगी जताई
संवाद न्यूज एजेंसी
तिलहर। आंबेडकर गांव मौजमपुर में तालाब के ओवरफ्लो होने और जल निकासी के लिए सड़क का खोदाई कार्य बारिश के कारण बंद होने से तालाब का पानी कई घरों में घुस जाने से लोगों का जीना मुहाल हो गया है। गांव की महिलाओं ने बुधवार को बारिश में भीगते हुए नगर पालिका पहुंचकर नाराजगी जताई। नगर पालिका ईओ के न मिलने पर पीड़ित महिलाएं कुछ देर रुकने के बाद वापस चलीं आईं।
गांव में स्थित तालाब ओवरफ्लो होने और पानी का निकास न होने को लेकर गांव की महिलाएं और युवा 16 अगस्त से ब्लॉक परिसर में धरने पर थे। शनिवार को एसडीएम अंजलि गंगवार ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ स्थलीय निरीक्षण करके रविवार से सड़क की खोदाई करके नाले का निर्माण कराने के निर्देश दिए थे।
एसडीएम के आदेश के बाद सोमवार से ग्राम प्रधान की देखरेख में जेसीबी मशीन से सड़क की खोदाई का कार्य शुरू कर दिया गया। मंगलवार को सुबह से भारी बारिश होने के कारण काम बंद हो गया। लगातार दो दिनों से हो रही बारिश के कारण पानी की निकासी न होने से तालाब का गंदा पानी कई घरों में घुस गया।
बुधवार दोपहर गांव के पीड़ित रामलाल वर्मा व रामगोपाल महिलाओं और बच्चों के साथ बारिश में भीगते हुए नगर पालिका पहुंचे। यहां पर वे बरामदे में धरने पर बैठ गए। पता चला कि पालिका ईओ मीटिंग में शाहजहांपुर गईं हुईं हैं। पीड़ितों ने पालिका के संबंधित बाबू और कर्मचारियों से बातचीत करते हुए तत्काल जेसीबी लगाकर सड़क की खोदाई करके जलभराव की समस्या को दूर किए जाने की मांग की।
लगभग एक घंटे तक पालिका में धरने पर बैठने के बाद सभी घर चले गए। पीड़ितों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द काम शुरू नहीं किया गया तो वे दोबारा धरना-प्रदर्शन के लिए बाध्य होंगे।