Shahjahanpur News: 22 केंद्रों पर होगी पीईटी, रोडवेज ने शुरू की तैयारी
संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहाँपुर
Updated Wed, 25 Oct 2023 12:38 AM IST
शाहजहांपुर। प्राइमरी एलिजिबिलिटी टेस्ट (पीईटी) को लेकर तैयारियां शुरू हो गईं हैं। 28 और 29 अक्तूबर को चार पालियों में जिले के 22 केंद्रों पर परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। परीक्षार्थियों को लाने और ले जाने के लिए जिला प्रशासन ने परिवहन निगम को दिशा-निर्देश दिए हैं। इसके लिए बसों के फेरे भी बढ़ाए जाएंगे।
पीईटी को लेकर करीब 40 हजार परीक्षार्थी शहर में आएंगे। दो दिन चार पालियों में इतनी बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों के आने से नगर की यातायात व्यवस्था चरमरा जाएगी। इसके लिए यातायात पुलिस ने खाका तैयार किया है। इधर, आसपास के जिलों से आने वाले परीक्षार्थियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के उद्देश्य से परिवहन निगम ने भी कमर कस ली है। परीक्षार्थियों के लिए प्रशासन ने बसों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। डिपो प्रभारी विनोद मिश्रा ने बताया कि उनके पास निगम की 102 और अनुबंधित 87 बसें हैं जिस रूट पर जरूरत होगी, वहां पर बसों को संचालित किया जाएगा। अधिक भीड़ होने पर हाईवे पर टीआई की नियुक्ति कर शहर के बाहर से निकलने वालीं बसों को अड्डे पर भेजा जाएगा।