Shahjahanpur News: फार्मा छात्र की हादसे में मौत, दो साथी घायल

संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहाँपुर
Updated Tue, 02 Jan 2024 12:58 AM IST

अंकित तिवारी का फाइल फ़ोटो। स्रोत-परिजन
शाहजहांपुर। निगोही थाना क्षेत्र के गांव गुरगवां निवासी अंकित तिवारी (25) की बाइक में अज्ञात वाहन से टक्कर लग गई। हादसे में उनकी मौके पर मौत हो गई। जबकि दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए।
अंकित तिवारी अखिल भारतीय ब्राह्मण एकता परिषद के युवा जिला संयोजक थे। वह देहरादून में बी-फार्मा द्वितीय वर्ष के छात्र थे। सर्दी की छुट्टी पर घर लौटे थे। रविवार को अपने साथी अजय तिवारी और शिवांग दीक्षित के साथ निगोही गए थे। रात करीब नौ बजे अपने घर लौट रहे थे। कजरीनूरपुर व राघवपुर सिकंदरपुर के बीच मां दुर्गा इंटर कॉलेज के पास अज्ञात वाहन से उनकी बाइक में टक्कर लग गई। हादसे में अंकित की मौके पर मौत हो गई। उनके दोनों साथी बेहोश हो गए। कुछ देर के बाद अजय तिवारी को होश आया तब उसने कॉल कर परिजनों को सूचना दी। इससे पहले राहगीर ने पुलिस को सूचना दी थी। पुलिस ने उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज भेज दिया। अंकित अविवाहित था। शिवांग की हालत गंभीर होने पर लखनऊ रेफर कर दिया गया है।