Shahjahanpur News: हर निकाय में बनाया गया पिंक बूथ
शाहजहांपुर। निकाय चुनाव में मतदान के लिए महिलाओं का खास ख्याल रखा गया है। प्रत्येक निकाय में एक पिंक बूथ बनाया गया है। इसमें महिलाओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं रहेंगी।
नगर निगम क्षेत्र में बिजलीपुरा स्थित तक्षशिला पब्लिक स्कूल में, नगर पालिका जलालाबाद में जूनियर हाईस्कूल में, पुवायां नगर पालिका में पुवायां इंटर कॉलेज में, नगर पालिका तिलहर में प्राथमिक स्कूल बिरियागंज, नगर पंचायत कांट में प्रहलापुर स्थित कन्या पूर्व माध्यमिक विद्यालय, नगर पंचायत अल्हागंज में प्राथमिक विद्यायल साहबगंज, बंडा नगर पंचायत में गायत्री इंटर कॉलेज, खुटार नगर पंचायत में कार्यालय नगर पंचायत खुटार, नगर पंचायत कटरा में आर्य कन्या इंटर कॉलेज, खुदागंज नगर पंचायत में लाला हरीराम इंटर कालेज, नगर पंचायत निगोही में प्राथमिक पाठशाला हमजापुर, नगर पंचायत कलान में विकासखंड कार्यालय में पिंक बूथ बनाया गया है। बुधवार शाम तक सभी पिंक बूथों को तैयार कर लिया गया है।
सोशल मीडिया पर किया प्रचार, अफवाहों का गरम रहा बाजार
शाहजहांपुर। मंगलवार की शाम पांच बजे के बाद प्रचार थमने के बाद प्रत्याशियों ने सोशल मीडिया का सहारा लिया। वीडियो और ऑडियो रिकॉर्डिंग भेजकर प्रत्याशियों ने अपने पक्ष में मतदान करने की अपील की। समर्थकों ने भी व्हाट्सएप मैसेज भेजकर लोगों से समर्थन मांगा। प्रत्याशियों ने फोन कर लोगों से मतदान करने की अपील की। वहीं पार्टी जिलाध्यक्ष कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करते रहे। मतदाताओं को पोलिंग बूथ तक लाने पर चर्चा करते रहे। बाहरी जिले में रहने वाले कई लोग निकाय चुनाव के मद्देनजर अपने घर पहुंचे। प्रचार थमने के बाद बुधवार को दिनभर कई अफवाहों का दौर जारी रहा। कई बार प्रत्याशियों के किसी दूसरे प्रत्याशी को समर्थन देने की अफवाह उड़ती रही। इस पर समर्थकों ने अपने प्रत्याशी से बात कर खबर की पुष्टि की।
प्रत्याशी न हो पसंद तो नोटा भी रहेगा विकल्प
शाहजहांपुर। कई बार प्रत्याशी पसंद का न होने पर मतदाता घर पर ही रह जाते हैं। इसको लेकर चुनाव आयोग नोट का विकल्प देता है। महापौर चुनाव में किसी प्रत्याशी को पसंद न करने पर मतदाता नोटा का विकल्प अपना सकता है। नोटा का विकल्प मतदाता को यह बताने का अवसर देता है कि उसे कोई प्रत्याशी पसंद नहीं आया है।