Shahjahanpur News: आंबेडकर पार्क के समीप नहीं बनेगा पिंक बूथ

जलालाबाद में पूर्व विधायक नीरज कुशवाहा से वार्ता करते एसएसआई सुदीप सिरोही। संवाद
जलालाबाद। आंबेडकर पार्क के निकट महिला सहायता पिंक बूथ नहीं बनेगा। बसपा और सपा के कार्यकर्ताओं के धरने के बाद पुलिस बैकफुट पर आ गई। उन्हें आश्वासन देने के बाद मंगलवार रात धरना समाप्त करवा दिया गया। अब कहीं और जमीन चिह्नित कर निर्माण करवाया जाएगा।
नगर के मुख्य चौराहे पर आंबेडकर पार्क के समीप पुलिस ने महिला सहायता पिंक बूथ बनाए जाने के लिए जगह चिह्नित की थी। इसकी भनक लगने पर बसपा के पूर्व विधान सभा अध्यक्ष श्याम लाल सागर के नेतृत्व में कई कार्यकर्ता मंगलवार को मौके पर पहुंच गए और चिह्नित जमीन पर बूथ बनाने को लेकर विरोध शुरू कर दिया।
इस बीच बसपा नेता श्याम लाल की कोतवाल प्रवीण सोलंकी से तीखी बहस भी हुई। पुलिस का सख्त रवैया देख बसपा के पदाधिकारी एसडीएम रविंद्र कुमार के पास पहुंचे और उन्हें इस संबंध में ज्ञापन दिया। इसके बाद बाद बसपाई पार्क के प्रांगण में ही धरने पर बैठ गए।
रात करीब नौ बजे वहां पूर्व विधायक नीरज कुशवाहा के अलावा सपा के विधानसभा अध्यक्ष सूरजपाल सिंह यादव सहित पार्टी के तमाम कार्यकर्ता भी धरने में शामिल हो गए। पता लगने पर एसएसआई सुदीप सिरोही को मौके पर पहुंचे।
एसएसआई की पूर्व विधायक से इस मामले में वार्ता हुई। इस दौरान वहां बूथ न बनाए जाने का आश्वासन दिया गया। जिसके बाद धरना समाप्त कर दिया गया।