Shahjahanpur News: पुलिस ने मुठभेड़ में दबोचा 25 हजार रुपये का इनामी बदमाश, पैर में लगी गोली

पैर में गोली लगने से घायल हुआ बदमाश
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
शाहजहांपुर के तिलहर क्षेत्र में पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट व गोकशी के मुकदमों में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। मंगलवार तड़के हुई मुठभेड़ के दौरान बदमाश के पैर में पुलिस की गोली लगी है। घायल बदमाश को अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसका दूसरा साथी मौका पाकर बाइक से फरार हो गया।
एसपी अशोक कुमार मीणा ने बताया कि तिलहर इंस्पेक्टर सुरेंद्र पाल सिंह मंगलवार की सुबह तकरीबन 4:30 बजे पुलिस बल के साथ जैतीपुर रोड पर गांव भुडेली के पास गश्त पर थे। इसी दौरान गांव भुडेली के पास सड़क पर बाइक सवार दो व्यक्ति देखे गए। जब पुलिस टीम उनके पास पहुंची, तब एक युवक बाइक लेकर जैतीपुर की ओर भाग गया जबकि दूसरा युवक भुडेली में खेतों की ओर भागा।
बरेली का रहने वाला है बदमाश
पुलिस टीम ने उसका पीछा किया। उसने पुलिस पर तमंचे से फायर कर दिया। पुलिस ने घेराबंदी कर ली। इस दौरान इंस्पेक्टर और एसआई घनश्याम ने युवक पर एक-एक फायर किया। एक गोली बदमाश के बायें पैर में लगी है। पुलिस ने घायल बदमाश को पकड़ लिया। इंस्पेक्टर ने बताया कि पकड़ा गया बदमाश 50 वर्षीय आरिफ निवासी परतापुर चौधरी थाना इज्जत नगर बरेली का निवासी है।