Shahjahanpur News: जलालाबाद पहुंची पुलिस, दो संदिग्धों को उठाया
पलिया में युवक की गोली मारकर हत्या का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
जलालाबाद। लखीमपुर खीरी के पलिया में बुधवार रात दोस्त की बरात से लौटते समय 22 वर्षीय मोहित गुप्ता की हत्या के मामले में जलालाबाद पहुंची पलिया पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया। बताते हैं कि हिरासत में लिए गए युवकों में से एक के पास मृतक का मोबाइल भी बरामद हुआ है।
जलालाबाद के मोहल्ला खेड़ा निवासी एक युवती की शादी पलिया में तय हुई थी। 28 जून को बरात थी जिसमें शामिल होने के लिए युवती के परिजनों के अलावा जलालाबाद के कई अन्य लोग भी पलिया पहुंचे थे। पलिया के मोहल्ला बाजार द्वितीय निवासी संतोष गुप्ता का बेटा मोहित दूल्हे का दोस्त था। वह भी बरात में शामिल होने मैरिज लाॅन पहुंचा।
शादी का कार्यक्रम निपटाने के बाद मोहित रात करीब दो बजे पैदल अपने घर को लौट रहा था। तभी मैरिज लाॅन के पास अज्ञात बाइक सवारों ने उसे गोली मार दी। सुबह वहां पहुंचे सफाईकर्मी ने लाश पड़ी देखकर पुलिस को सूचना दी। जांच में पुलिस को मृतक का मोबाइल मौके से गायब मिला। बताते हैं कि घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी वारदात कैद हो गई।
शुक्रवार शाम यहां पहुंची पलिया पुलिस ने दुल्हन के भाई के अलावा इसी मोहल्ले के एक अन्य युवक को हिरासत में लिया है। दोनों लोगों को अपने साथ पलिया ले गई। थाना प्रभारी प्रवीण सोलंकी ने बताया कि पलिया में हुई हत्या के मामले में वहां की पुलिस पूछताछ के लिए यहां के दो लोगों को ले गई है।