Pilibhit News: छात्रा को 70 हजार में खरीदकर घर में कर लिया गया था कैद

बीसलपुर कोतवाली पुलिस की गिरफ्त में आरोपी राजीव यादव।
बीसलपुर। नाबालिग छात्रा को 70 हजार रुपये में खरीदने वाले मैनपुरी के राजीव यादव को शुक्रवार को जेल भेज दिया गया। राजीव ने पुलिस को बताया कि उसने किशोरी से विवाह कर लिया था। छात्रा ने बताया कि राजीव ने उसे अपने घर में कैद कर रखा था। उसका मोबाइल फोन भी छीन लिया था। पुलिस बृहस्पतिवार को राजीव को गिरफ्तार करने के बाद छात्रा को मुक्त कराके बीसलपुर लाई थी।
नगर की एक छात्रा 31 मई को पूर्णागिरि जाने के दौरान लापता हो गई थी। छात्रा के पिता ने चार जून को कोतवाली में उसे अगवा कर लेने की अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। 29 जून को छात्रा ने अपने पिता को फोन कर बताया कि वह मैनपुरी के गांव नगला अहीर निवासी राजीव यादव के घर में है। इतनी बात कहकर ही छात्रा ने फोन काट दिया था। पिता ने यह जानकारी पुलिस को दी।
बृहस्पतिवार तड़के पुलिस ने छात्रा के घरवालों को साथ लेकर मैनपुरी के किश्नी थानाक्षेत्र के गांव नगला अहीर में राजीव यादव के घर दबिश दी। पुलिस ने राजीव को गिरफ्तार कर लिया। घर से छात्रा भी बरामद हो गई। पुलिस छात्रा और राजीव को बीसलपुर कोतवाली ले आई। पूछताछ में छात्रा ने बताया कि वह टनकपुर की ट्रेन के बजाय गलती से कासगंज जाने वाली ट्रेन में बैठ गई थी। कासगंज पहुंचने पर वह दो महिलाओं के चंगुल में फंस गई।
इन महिलाओं ने ही उसे राजीव यादव के हाथ 70 हजार रुपये में बेच दिया। छात्रा ने बताया कि राजीव ने उसका मोबाइल फोन छीन लिया था, ताकि वह अपने घरवालों को अपने बारे में कुछ न बता सके। छात्रा ने किसी तरह नजर बचाकर राजीव के फोन से अपने पिता को जानकारी दी। छात्रा ने यह भी बताया कि राजीव ने उसकी मर्जी के बगैर उससे विवाह किया और बतौर पत्नी साथ रखने लगा था। राजीव और उसके घर वाले छात्रा पर कड़ी नजर रखते थे। राजीव के परिवार का एक सदस्य हर समय छात्रा के साथ रहता था।
छात्रा ने पुलिस से कहा कि वह अपने पिता के घर रहना चाहती है। राजीव ने भी पुलिस को बताया कि उसने महिलाओं से छात्रा को 70 हजार रुपये में खरीदा है। छात्रा को बेचने वाली महिलाओं के बारे में राजीव से पुलिस कोई जानकारी नहीं उगलवा सकी। शुक्रवार सुबह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में छात्रा का मेडिकल परीक्षण कराया गया।
कोतवाल अशोक पाल ने बताया कि पहले से ही दर्ज रिपोर्ट में राजीव को नामजद करके उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। छात्रा ने दोनों महिलाओं की हुलिया बताया है, लेकिन उनका नाम-पता नहीं बता पा रही है। महिलाओं को तलाशा जा रहा है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।