Shahjahanpur News: कोलाघाट में पैंटून पुल तैयार
संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहाँपुर
Updated Wed, 08 Nov 2023 12:38 AM IST

कोलाघाट पर बनकर तैयार पैंटून पुल। संवाद
जलालाबाद । कोलाघाट में पैंटून पुल बन गया है। इस पर रेलिंग लगाने का कार्य बुधवार को पूरा कर लिया जाएगा। जिसके बाद नौ नवंबर को इस पुल से यातायात शुरू करने की तैयारी है।
निर्माण कंपनी के कर्मचारी गौरव ने बताया कि पुल के दोनों ओर कच्चा और रेतीला मार्ग है। इसे दुरुस्त किया जाएगा, उस पर लोहे के पटले डाले जाएंगे। वहीं, कोलाघाट पर दूसरे और खंडहर इलाके के हैदलपुर घाट पर पैंटून पुल बनाने का काम दस नवंबर से एक साथ शुरू होगा। अतिरिक्त बनने वाले पैंटून पुल के लिए लोहे के पीपों और इसके निर्माण में उपयोग आने वाली अन्य सामग्री का इंतजाम कर लिया गया है। कोलाघाट के बाद हैदलपुर घाट पर पैंटून पुल बनने के बाद कलान, मिर्जापुर, परौर और जलालाबाद के बीच की दूरी काफी कम हो जाएगी। बदायूं और फर्रुखाबाद जिलों के सीमावर्ती तमाम गांवों से सीधा जुड़ाव व्यापारिक गतिविधियों को रफ्तार देगा। पैंटून पुल हटने के बाद पिछले तीन महीने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।