Pilibhit News: पीड़ित से मांग रहे डाॅक्टर को रिश्वत देने का सुबूत
पीलीभीत। ऑपरेशन के नाम पर डॉक्टर के पांच हजार रुपये लिए जाने का मामला एडी हेल्थ के संज्ञान में भी पहुंचा है। उन्होंने पूरे मामले की विभागीय अफसरों से जानकारी ली। पीड़ित पक्ष से पूरा घटनाक्रम पूछा, अब उससे रुपये देने का सुबूत मांगा जा रहा है।
कलीनगर क्षेत्र के बासखेड़ा निवासी राजेश कुमार ने सीएम पोर्टल पर मेडिकल कॉलेज के महिला अस्पताल के स्त्री रोग विशेषज्ञ पर पांच हजार रुपये लेने का आरोप लगाते हुए शिकायत की थी। पोर्टल पर शिकायत के बाद डॉक्टर का स्पष्टीकरण तलब किया गया। साथ ही मंगलवार को पीड़ित के बयान लिए गए। तभी महिला सीएमएस कार्यालय में एडी हेल्थ मौके पर पहुंचीं, जिन्होंने पूरे प्रकरण की जानकारी ली।
पीड़ित राकेश कुमार ने बताया कि अवैध वसूली के मामले में लिखित बयान दिया है। अफसर अब रुपये दिए जाने का सुबूत मांग रहे हैं, जबकि उसने पांच हजार रुपये डॉक्टर के ड्राइवर को दिए थे। रुपये देते ही ऑपरेशन शुरू हो गया था। वह खुद सुबूत है। इससे बड़ा सुबूत क्या चाहिए। हालांकि अफसर यह मानने को तैयार नहीं हैं।
–
ऑपरेशन के नाम पर डॉक्टर द्वारा रुपये लिए जाने का मामला संज्ञान में आया है। दोनों पक्षों के बयान लिए गए हैं। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-पुष्पा पंत, एडी हेल्थ