Budaun News: बैरियर तोड़कर दौड़ाई डीसीएम, इंस्पेक्टर व होमगार्ड घायल

डीसीएम की टक्कर लगने से क्षतिग्रस्त दातागंज पुलिस की गाड़ी। संवाद
दातागंज। बरेली के सीबीगंज इलाके से डीसीएम चोरी करके भागे बदमाशों ने मूसाझाग इलाके से लेकर दातागंज के बराही तक रोकने की कोशिश में पुलिस को रौंदने की कोशिश की। पुलिस के पांच वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। इंस्पेक्टर व होमगार्ड घायल हो गए। पुलिस ने घेराबंदी करके एक बदमाश को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका साथी भाग गया। दोनों बदमाश बरेली जिले के रहने वाले हैं।
मंगलवार रात करीब 8:45 बजे मूसाझाग थाना पुलिस दातागंज-बदायूं मार्ग पर बैरियर लगाकर वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बदायूं की ओर से एक डीसीएम तेज रफ्तार में दौड़ती हुई आई और बैरियर तोड़कर दातागंज की ओर निकल गई। उसे रोकने की कोशिश में मूसाझाग थाने के पुलिस कर्मी भी बाल-बाल बच गए। उन्होंने तत्काल कंट्रोल रूम को सूचना दी, जिससे दातागंज पुलिस भी अलर्ट हो गई और डहरपुर के नजदीक बैरियर लगा दिया लेकिन डीसीएम यहां भी बैरियर तोड़कर बरेली रोड की ओर मुड़ गई।
इसके बाद मूसाझाग और दातागंज कोतवाली पुलिस डीसीएम के पीछे लग गई। दातागंज पुलिस के मुताबिक समरेर की ओर क्राइम इंस्पेक्टर जितेंद्र पवार गश्त पर थे। उन्होंने समरेर के नजदीक रोड पर अपनी गाड़ी लगवा दी और उससे उतरकर सड़क किनारे खड़े हो गए। बदमाशों ने उसमें भी टक्कर मार दी लेकिन इससे डीसीएम रुक गई।
उसके पीछे से मूसाझाग, दातागंज इंस्पेक्टर अरिहंत कुमार सिद्धार्थ, दो पीआरवी की गाड़ी और एक दरोगा अपनी निजी गाड़ी लेकर दौड़ रहे थे। रुकने पर डीसीएम से एक बदमाश उतरकर भाग गया। गाड़ी चलाने वाले बदमाश ने पिछला गियर डालकर डीसीएम दौड़ा दी, जिससे पीछे खड़े पुलिस के वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए। इसी दौरान पुलिस गाड़ी चलाने वाले बदमाश को पकड़ लिया।
उसने पूछताछ में अपना नाम भमोरा थाना क्षेत्र के गांव मकरंदपुर निवासी दीपक पुत्र राजू बताया और भागने वाले का नाम अनिल पुत्र ताराचंद बताया। वह बरेली के सीबीगंज निवासी अतीक की डीसीएम चोरी करके भागे थे। पुलिस पकड़े गए बदमाश से पूछताछ कर रही है। इंस्पेक्टर अरिहंत कुमार सिद्धार्थ ने बताया कि इसमें पुलिस के पांच वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं। एक इंस्पेक्टर और होमगार्ड ब्रजमोहन घायल हुए हैं।