Shahjahanpur News: पारा चढ़ा तो 33 मेगावॉट बढ़ गई बिजली की खपत

ट्रांसफार्मर को सही करते बिजली निगम के कर्मचारी।
शाहजहांपुर। मौसम लगातार गर्म हो रहा है। तापमान बढ़ने के साथ ही बिजली की खपत भी अधिक होने लगी है। एसी, कूलर, फ्रिज आदि चलने से बिजली की मांग बढ़ गई है। शहरी क्षेत्र में 24 घंटे में 60 मेगावाट बिजली की खपत हो रही है, जबकि 220 केवीए पैना ट्रांसमिशन से जिले व आसपास के जिलों को प्रतिदिन 4887 मेगावाट बिजली दी जा रही है। खपत बढ़ने से बंच लाइनें जवाब देने लगी हैं। हर दिन जिले में करीब 15 ट्रांसफार्मर फुंकने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है।
होली के बाद से मौसम का मिजाज गर्म होने लगा था। अप्रैल माह तक कुछ गनीमत रही। इसके बाद मौसम ने अपने तेवर दिखाना शुरू कर दिया। वर्तमान समय में तेज धूप के साथ गर्म हवा के थपेड़े जन-जीवन को अस्त-व्यस्त किए हुए हैं। गर्मी से राहत के लिए लोगों ने पंखा, कूलर, फ्रिज और एसी आदि को चलाना शुरू कर दिया। विद्युत चलित उपकरणों का प्रयोग बढ़ने से बिजली की खपत में उछाल आया है। पुवायां रोड स्थित 220 केवी पैना ट्रांसमिशन से प्राप्त आंकड़ों के मुताबिक, अप्रैल माह में शहरी क्षेत्र के नौ विद्युत उपकेंद्रों को 27 मेगावॉट बिजली प्रत्येक 24 घंटे में आपूर्ति की जाती थी। मई में गर्मी बढ़ने से इसमें काफी ज्यादा उछाल आया है। वर्तमान समय में 60 मेगावॉट बिजली हर रोज खर्च हो रही है।
ट्रांसमिशन से दी जा रही 4887 मेगावॉट बिजली
– 220 केवीए पैना ट्रांसमिशन से शहर के अलावा लखीमपुर, फरीदपुर, मोहम्मदी, बालीपुर, शाहबाद, गोला, हरदोई, अजीजपुर आदि में बिजली की सप्लाई दी जाती है। पिछले माह 24 घंटे में ट्रांसमिशन से 3150 मेगावॉट बिजली की खपत हो रही थी। यह बढ़कर 4887 मेगावॉट हो गई है।
जवाब देने लगीं बिजली की लाइनें, फुंक रहे ट्रांसफार्मर
मई माह की गर्मी के चलते लगातार 24 घंटे बिजली की आपूर्ति मिलने से बिजली की लाइनें जवाब देने लगी हैं। ट्रांसमिशन की लाइनें ओवरलोड होने के साथ बंच लाइन में भी आए दिन आग लग रही है। इसके चलते बिजली की आपूर्ति बाधित हो रही है। इसके अतिरिक्त ट्रांसफार्मरों पर भी मुसीबत आ गई। जिले में रोजाना 15 ट्रांसफार्मर फुंकने की बात सामने आ रही है।
इतने फुंक चुके ट्रांसफार्मर
124 ट्रांसफार्मर मार्च में फुंके
232 ट्रांसफार्मर खराब होने पर अप्रैल में वर्कशॉप में आए
137 ट्रांसफार्मरों में 15 मई तक खराबी आ चुकी है।