Budaun News: दो बाइक की भिड़ंत में महिला की मौत, बेटा घायल

अस्पताल की मोर्चरी के पास मृतका आशा देवी के रोते बिलखते परिजन। संवाद
बदायूं। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में सालारपुर ब्लॉक के सामने दो बाइकों में हुई भिड़ंत में एक महिला की मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा उसका बेटा घायल हो गया। हादसे के बाद दूसरी बाइक पर सवार युवक भाग गया। पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
कुंवरगांव के वार्ड एक निवासी शेरसिंह की 50 वर्षीय पत्नी आशा सोमवार सुबह करीब दस बजे अपने बेटे विजय के साथ बदायूं आ रही थीं। मां-बेटे जैसे ही सालारपुर ब्लॉक के सामने पहुंचे कि सामने की ओर से आ रही तेज रफ्तार बाइक से टक्कर हो गई।
टक्कर लगने पर आशा बाइक से उछलकर रोड पर गिरी और विजय दूर जा गिरा। इससे दोनों गंभीर घायल हो गए। हादसे के बाद दूसरी बाइक पर सवार युवक भाग गया। राहगीरों की सूचना पर पुलिस दोनों को लेकर जिला अस्पताल पहुंची, जहां डॉक्टरों ने आशा को मृत घोषित कर दिया।
घायल विजय को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। एसएचओ गौरव विश्नोई ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे।