बदायूं

Budaun News: खेत पर जा रहे किसान को सांड़ ने पटककर मार डाला

Connect News 24

A farmer who was going to the field was killed by a bull

मृतक रामवीर का फ़ाइल फोटो।

मूसाझाग। खेत पर जा रहे किसान को मूसाझाग इलाके के गांव सिमरिया में सांड़ ने पटक-पटककर गंभीर घायल कर दिया। ग्रामीणों ने सांड़ को खदेड़ कर किसी तरह उसे बचाया। घायल अवस्था में परिजन किसान को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने मृत घाेषित कर दिया।

मूसाझाग इलाके के गांव सिमरिया निवासी 55 वर्षीय रामवीर सोमवार सुबह करीब छह बजे खेत पर जा रहे थे। गांव के बाहर खड़े सांड़ ने पटक-पटककर उन्हें गंभीर घायल कर दिया। ग्रामीणों ने सांड़ को खदेड़कर सूचना परिजनों को दी। परिजन घायल रामवीर को जिला अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने को कहा तो परिजन ने इन्कार कर दिया। ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में बड़ी संख्या में छुट्टा पशु हैं। ये आए दिन किसी न किसी पर हमला कर देते हैं। इनको पकड़वाने की मांग की गई लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। उन्होंने बताया कि पिछले दिनों मुख्यमंत्री ने छुट्टा पशुओं को पकड़ने के आदेश दिए थे, इसके बाद भी उनके क्षेत्र में छुट्टा पशुओं को नहीं पकड़ा गया।

सड़कों पर घूम रहे सांड़… दावा गोआश्रय स्थल में होने का

– पशुपालन विभाग के अनुसार, जिले में ढाई सौ गोशालाएं हैं, जिनमें करीब 21 हजार पशु रखे गए हैं। इनमें गाय और सांड़ दोनों ही हैं। विभाग लगातार दावे कर रहा है कि पशुओं को गोशालाओं में रखा जा रहा है लेकिन फिर भी तमाम पशु सड़कों और खेतों में घूम रहे हैं।

कई लोगों की जान ले चुके हैं सांड़

– 22 फरवरी, 22 : उझानी के गांव सकरी जंगल निवासी मोहम्मद उमर पत्नी महसर को दवा दिलाने बाइक से जा रहे थे। रास्ते में सड़क पार कर रहा सांड़ बाइक के सामने आ गया। दोनों की मौत हो गई थी।

– 23 फरवरी 22 : बिल्सी थाना क्षेत्र के गांव सिरासौल में चिमन लाल शर्मा पर एक सांड़ ने हमला कर दिया, जिससे उनकी थोड़ी देर बाद मौत हो गई।

24 मार्च 22 : उझानी में सड़क पर जा रहे चिकित्सक महेश चंद्र गुप्ता पर सांड़ ने हमला कर दिया, जिसमें उनकी मौत हो गई।

20 अप्रैल 22 : मूसाझाग थाना क्षेत्र के गांव सराय पिपरिया निवासी 40 वर्षीय विष्णु सागर पर सांड़ ने हमला कर दिया था, जिसमें तीन दिन बाद उनकी मौत हो गई।

11 जून 22 : बिल्सी क्षेत्र के गांव शहवाजपुर में मंदिर की सफाई कर रहे राकेश (23) पुत्र रघुवीर को सांड़ ने पटककर मार डाला था।

13 जून 22 : कुंवरगाव में घूम रहे एक सांड़ ने पेट्रोल पंप के कर्मचारी गांव गंज निवासी शिवकुमार उर्फ कौशल को पटककर मार डाला था।

03 जुलाई 22 : मूसाझाग थाना क्षेत्र के कथरा खगेईगांव में रविवार शाम 40 वर्षीय रामऔतार को सांड़ ने पटककर मार डाला।

28 दिसंबर 22 : बिल्सी थाना क्षेत्र के गांव सिमर्रा निवासी श्रीराम की खेत पर रखवाली को जाते समय सांड़ के हमले में मौत हो गई थी।

24 फरवरी- 23- दातागंज कोतवाली के गढ़ा गांव के युवक को सांड़ ने हमला कर घायल कर दिया था। उसकी बाद में अस्पताल में मौत हो गई।

दो मई- 2023- उझानी के गांव सिरसौली निवासी राजाराम (58) को सांड़ ने खदेड़ दिया था और पटककर मार डाला।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button