बदायूं

Budaun News: दूर होंगी अड़चने… किसान सम्मान निधि पाने का रास्ता होगा साफ

Connect News 24

बदायूं। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों को लाभ दिया जा रहा है, लेकिन कई पात्र किसान अब भी योजना से वंचित हैं। दरअसल उनके आधार कार्ड और बैंक खातों में कुछ कमियां है, जिन्हें सुधारने के लिए वे लगातार कार्यालयों के चक्कर काट रहे हैं, पर सुधार नहीं हो पा रहा है। जिले के करीब 71 हजार किसानों की इस समस्या के समाधान के लिए अब शिविर लगाए जांएगे।

जिले में करीब चार लाख 85 हजार किसान है। इनमें पात्र किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ दिया जा रहा है। इनमें करीब 71 हजार किसान ऐसे हैं, जो योजना से वंचित हैं। इनमें किसी के बैंक खाते से आधार कार्ड सीड नहीं है तो किसी के आधार या बैंक खाते में नाम अलग-अलग है।

इस पर विभाग की ओर से 22 मई से 10 जून तक ग्राम पंचायत स्तर पर शिविर लगाया जा रहा है। इसमें टीम किसानों के अभिलेखों में जो कमियां है, उनको दूर करेंगी, ताकि उन्हें योजना का लाभ मिल सके। शिविरों में लेखपाल, सचिव, पोस्ट ऑफिस, कृषि विभाग के कर्मचारी, जनसेवा केंद्र प्रतिनिधि मौजूद रहेंगे, जो मौके पर किसानों की समस्याओं का समाधान कराएंगे।

जरूरत पड़ने पर खोला जाएगा नया खाता

– यदि किसी किसान का आधार कार्ड सही हैं, लेकिन बैंक खाते में नाम अलग है, ऐसे में नाम परिवर्तन में समय लगेगा। इस स्थिति में 100 रुपये लेकर किसान का पोस्ट ऑफिस में नया खाता खोल दिया जाएगा और मौके पर ही उनका आधार सीड करके किसान सम्मान निधि योजना के लिए आवेदन कर दिया जाएगा। कृषि विभाग के कर्मचारी उसको स्वीकृत करते हुए आगे बढ़ा देंगे।

आधार कार्ड में गड़बड़ी की जाएगी दूर

– किसान के आधार कार्ड में नाम, पिता का नाम या अन्य चीज गलत है तो जनसेवा केंद्र के प्रतिनिधि उसमें संशोधन करेंगे। साथ ही किसान से प्रार्थना पत्र लेकर पीएम किसान सम्मान निधि के लिए आवेदन किया जाएगा। इसी आधार पर कर्मचारी उसको स्वीकृत करते हुए आगे बढ़ा देंगे।

तहसील – लाभ से वंचित किसान

– बिल्सी 9217

– बिसौली 15510

-बदायूं 17913

– दातागंज 17773

– सहसवान 10647

क्या बोले किसान

– विभाग जाओ तो वहां बैंक खाते में आधार कार्ड सीड न होने की बात कही जाती है। बैंक जाओ तो कर्मचारी उनके स्तर पर सभी चीजें दुरुस्त होने की बात कहते हैं। काफी समय से चक्कर काट रहे हैं लेकिन किसान सम्मान निधि नहीं मिली है। – महेश, कुंवरगांव

– प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ आज तक नहीं मिला है। इसको लेकर कई बार विभाग गए, लेकिन कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई। इसकी वजह से अब तक योजना का लाभ नहीं मिल सका है। – महावीर, औरंगाबाद खालसा

– सभी पात्र किसानों को किसान सम्मान निधि योजना का लाभ मिल सके। इसके लिए शासन स्तर से निर्देश दिए गए हैं कि सभी ग्राम पंचायतों में रोस्टर के हिसाब से शिविर लगाए। वहां पर किसानों की समस्या का समाधान करें। – डीके सिंह, उपकृषि निदेशक

महेश

महेश


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button