Shahjahanpur News: डाल टूटकर कचहरी की बिजली लाइन पर गिरी, आपूर्ति बाधित
शाहजहांपुर। भीषण गर्मी में शहर से लेकर देहात तक बिजली आपूर्ति बाधित है। बुधवार को कचहरी उपकेंद्र को आने वाली लाइन पर पेड़ की डाल टूटकर गिर गई। इसके चलते बिजली बाधित हो गई। दूसरी ओर रात में डेढ़ घंटे तक निसरजई फीडर के करीब 1500 उपभोक्ता परेशान रहे।
सुबह करीब दस बजे कचहरी विद्युत उपकेंद्र की लाइन बाधित हो गई। पेड़ की डाल टूटकर गिरने से सप्लाई बंद हो गई। कचहरी उपकेंद्र को गोविंदगंज विद्युत उपकेंद्र से आपूर्ति दी जाती है। सूचना आने पर अवर अभियंता एस.चंद्रा ने टीम को भेजा। पेड़ की डाल को हटाकर लाइन को जोड़कर करीब डेढ़ घंटे के बाद सप्लाई को बहाल किया गया। इस दौरान जनरेटर से सप्लाई दी गई।
वहीं दूसरी ओर निगोही उपकेंद्र के जलालनगर बजरिया में पानी की टंकी के पास रात करीब साढ़े 11 बजे तार टूट गए। इसके चलते निसरजई, एमनजई, जलालनगर समेत कई इलाकों की बिजली गुल हो गई। बिजली गुल होने से भीषण गर्मी में लोग परेशान रहे। इसके चलते लोगों को दुश्वारियों से दो-चार होना पड़ा।
इनकमिंग ट्रॉली फुंकने से 16 घंटे से बिजली गुल
जैतीपुर। विद्युत उपकेंद्र पर कुआं डांडा फीडर की इनकमिंग ट्रॉली में आग लग गई। इसके चलते पूरे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। बिजली गुल होने से करीब 60 गांवों के लोग बेहाल है। देर शाम तक बिजली नहीं आने से लोगों को काफी दुश्वारियों का सामना करना पड़ा। संवाद