Shahjahanpur News: जिला समाज कल्याण अधिकारी की बर्खास्तगी की तैयारी
शाहजहांपुर। जिला समाज कल्याण कार्यालय में पेंशन घोटाले का खुलासा होने के बाद तत्कालीन जिला समाज कल्याण अधिकारी राजेश कुमार पर बर्खास्तगी की तलवार लटक रही है। प्रथमदृष्टया दोषी मिलने पर उन्हें निलंबित किया जा चुका है।
जिला समाज कल्याण कार्यालय में राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन के 2496 खातों में हेरफेर कर धनराशि दूसरे खातों में डलवा दी गई थी। उच्चाधिकारियों के संज्ञान लेने के बाद मामले की प्राथमिक जांच कराई गई थी। प्रथमदृष्टया संलिप्तता मिलने पर तत्कालीन जिला समाज कल्याण अधिकारी राजेश कुमार को निलंबित कर दिया गया था। मामले की जांच समाज कल्याण विभाग के ज्वाइंट डायरेक्टर अरुण कुमार सिंह की अध्यक्षता में शुरू हुई। विभागीय सूत्रों के मुताबिक तत्कालीन जिला समाज कल्याण अधिकारी राजेश कुमार की बर्खास्तगी की तैयारी चल रही है।
तकनीकी खामियों के वजह से शुरू नहीं हो पा रही थी रिकवरी
सीडीओ एसबी सिंह के पास रिकवरी के लिए जब फाइल पहुंची तो उन्होंने कहा कि जिस बैंक से संबंधित खाते हैं, उस बैंक में जाकर खुद विभाग का कर्मचारी देगा। इसके लिए विभाग की टीम गठित की जाएगी जो संबंधित खातों की सूची को लेकर बैंक में जाएगा। सभी खातों को एलडीएम को सौंपने से रिकवरी में देरी होने की संभावना रहेगी। मंगलवार को डीएम की संस्तुति मिलने की संभावना है।
तत्कालीन जिला समाज कल्याण की बर्खास्तगी के लिए क्या चल रहा है, इसकी कोई जानकारी नहीं है। रिकवरी का काम इसी सप्ताह शुरू हो जाने की संभावना है।
– वंदना सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी

