शाहजहाँपुर

Shahjahanpur News: तहसीलदार पुवायां के कोर्ट से मुकदमों की पांच फाइलें चोरी

Connect News 24

Five files of cases stolen from Tehsildar Puwayan's court

पुवायां के तहसील भवन का फाइल फोटो। संवाद

पुवायां (शाहजहांपुर)। तहसीलदार कोर्ट से मुकदमों की पांच फाइलें चोरी हो गई हैं। मामला एक माह पुराना बताया जा रहा है, लेकिन तहरीर सोमवार को दी गई है। तीन फाइलें तहसीलदार न्यायिक और दो फाइलें तहसीलदार कोर्ट की हैं।

पुवायां में तहसीलदार का पद महीनों से रिक्त है। प्रभारी तहसीलदार के रूप में नायब तहसीलदार आशीष सिंह कार्य कर रहे हैं। एक माह पूर्व न्यायालय से खुटार के गांव नरौठा हंसराम की दो, ढाका खुर्दकलां की एक, पुवायां के गांव गंगाई की एक और बंडा के गांव जगदीशपुर दलेलपुर की एक फाइल गायब हो गई थी। फाइलें गायब होने पर पहले तो काफी समय तक गुपचुप ढंग से तलाश की जाती रही, न मिलने के बावजूद रिपोर्ट दर्ज कराने की जरूरत नहीं समझी गई।

सोमवार को प्रभारी तहसीलदार आशीष सिंह और नायब तहसीलदार सगीर अहमद के संयुक्त हस्ताक्षर से तहरीर पुलिस को दी गई। तहरीर में कहा गया है कि एक माह पूर्व पांच फाइलें गायब हो गईं थीं। निलंबित पेशकार मनोज गुप्ता को नोटिस जारी कर फाइलों के बारे में जानकारी मांगी गई, लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिल सका। इस कारण रिपोर्ट दर्ज करने के लिए तहरीर दी गई है।

चल रही तलाश, नहीं मिलने पर मजबूरी में दी तहरीर

पुवायां। मुकदमों की पांच फाइलें एक महीने पहले गायब हो गईं थीं, लेकिन जिम्मेदारों ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कराने की जरूरत नहीं समझी। उम्मीद थी कि फाइलें मिल जाएंगी फिर मामला रफा दफा कर दिया जाएगा। जब मामले की चर्चा बढ़ी तो खुद को बचाने के उपाय तलाशे जाने लगे। आखिरकार पुलिस को तहरीर देनी पड़ी।

पेशकार को किया जा चुका है निलंबित

प्रभारी तहसीलदार आशीष सिंह ने बताया कि पेशकार मनोज गुप्ता को 12 फाइलों पर तत्कालीन तहसीलदार के फर्जी हस्ताक्षर करने के मामले में निलंबित किया जा चुका है। फाइलें गायब होने के मामले में भी मनोज गुप्ता को नोटिस दिया गया था।

तहसील में ढाई साल पहले हुई चोरी का आज तक नहीं हुआ खुलासा

पुवायां। पुवायां तहसील के कार्यालय में 18 नवंबर 2020 को पांच खतौनियां चोरी हो गईं थीं। दीपावली के बाद कार्यालय खुले, तब चोरी का पता चल सका था। चोरी गईं चार खतौनी खुटार और एक सिंधौली की थी। लेेखपाल इंद्रपाल की ओर से खतौनी चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। ढाई साल बीतने के बाद भी न खतौनी बरामद हो सकी हैं और न ही चोर ही पकड़े जा सके हैं। 21 मई 2021 को मुकदमे में फाइनल रिपोर्ट लगा दी गई थी। पुलिस की फाइनल रिपोर्ट से सीओ संतुष्ट नहीं हुए थे और उन्होंने पुलिस को गंभीरता से दोबारा विवेचना करने के लिए निर्देशित किया था। पुलिस अब भी खतौनियां तलाश रही है। संवाद

रजिस्ट्री कार्यालय में लगी आग की रही थी चर्चा

पुवायां के तहसील परिसर स्थित उप निबंधक कार्यालय में 18 मार्च 2022 की रात आग लग गई थी। आग में कार्यालय का फर्नीचर, कंप्यूटर, सर्वर, प्रिंटर, स्कैनर सहित कई उपकरण जल गए थे। गनीमत रही थी कि आग रिकॉर्ड रूम तक नहीं पहुंची थी। घटना के समय आग लगने को लेकर तमाम तरह की चर्चाएं हुई थीं।

एक माह पहले मुकदमों की पांच फाइलें गायब हो गईं थीं। काफी तलाश के बाद भी फाइलें अब तक नहीं मिल सकीं हैं। पेशकार को भी नोटिस दिया गया था, लेकिन फाइलें नहीं मिल सकीं। इस कारण पेशकार और कनिष्ठ सहायक के खिलाफ तहरीर दी गई है।

– आशीष सिंह, प्रभारी तहसीलदार पुवायां


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button