Shahjahanpur News: धान क्रय केंद्रों पर तैयारियां पूरी, खरीद कल से
शाहजहांपुर। धान खरीद के लिए क्रय केंद्रों पर तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। क्रय केंद्रों पर प्रभारी नियुक्त कर दिए गए हैं। नोडल अधिकारी भी नामित हो चुके हैं। संबंधित क्षेत्रों के एसडीएम तैयारियों की समीक्षा कर रहे हैं।
धान खरीद पहले एक अक्तूबर से होनी थी, लेकिन सार्वजनिक अवकाश की वजह से खरीद तीन अक्तूबर से शुरू होगी। क्रय केंद्रों पर प्रभारी नियुक्त कर दिए गए हैं। उनकी देखरेख में कांटा, बोरा, गोदाम आदि की भी व्यवस्था पूरी कर ली गई है। जियो टैगिंग का कार्य 90 प्रतिशत पूरा हो चुका है, शेष सोमवार तक पूरा हो जाएगा। अधिकतर केंद्रों पर बैनर लगा दिए गए हैं। केंद्र तक आने जाने वाले रास्तों को दुरुस्त कर दिया गया है। इसके साथ ही दीवारों पर भी पेंटिंग की जा रही है। दीवारों पर क्षेत्र के संबंधित अधिकारियों के मोबाइल नंबर लिखे जा रहे हैं। अगर क्रय केंद्र पर कोई गड़बड़ी हो तो किसान इन नंबरों पर बात करके संबंधित अधिकारियों को जानकारी दे सकते हैं।
तीन अक्तूबर से खान खरीद शुरू हो जाएगी। सभी संबंधित तैयारियां पूरी कर ली गईं हैं। इस दौरान अधिकारी क्रय केंद्रों की निगरानी करेंगे। अगर कहीं कोई गड़बड़ी होती है तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
– संजय कुमार पांडेय, एडीएम प्रशासन

