Shahjahanpur News: मरीजों को राहत देने के लिए बढ़ाया जाएगा पर्चा काउंटर
शाहजहांपुर। राजकीय मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में बढ़ती भीड़ के मद्देनजर एक और पर्चा काउंटर बढ़ाए जाने की तैयारी शुरू हो गई है। प्राचार्य की अनुमति के बाद कंप्यूटर और स्टाफ बढ़ा दिया गया है। सोमवार को मरीजों को पर्चा बनवाने में कोई परेशानी नहीं होगी।
शनिवार की ओपीडी में 1697 मरीजों ने पर्चा बनवाया। आई फ्लू के प्रकोप के चलते मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ है। मरीजों की बढ़ती संख्या के चलते पहले से चले आ रहे पांच पर्चा काउंटर भी नाकाफी साबित हो रहे हैं। शुक्रवार को बिजली न आने व इंटरनेट सेवा ठप होने के चलते पर्चा काउंटर बंद रहे थे।
मरीजों की दिक्कत को देखते हुए प्राचार्य ने एक और काउंटर बढ़ाने की अनुमति दे दी है। काउंटर पर कंप्यूटर भी लगा दिया गया है। संभावना है कि सोमवार से नए काउंटर से भी पर्चा बनने शुरू हो जाएंगे। प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि मरीजों की समस्याओं को देखते हुए काउंटर को बढ़ाया जा रहा है।