Shahjahanpur News: आवक घटने से सब्जियों के दाम बढ़े, टमाटर भी सुर्ख

सब्जी मंडी में सब्जी की दुकान पर रहा ग्राहकों का टोटा।संवाद
शाहजहांपुर। तेज गर्मी के बाद अचानक हुई बारिश ने सब्जी की फसल को काफी नुकसान पहुंचाया है। इसकी वजह से सब्जियों के दाम आसमान छू रहे हैं। टमाटर के दाम रिकॉर्ड स्तर 140 रुपये प्रतिकिलो पहुंच गए हैं। स्थानीय स्तर पर होने वाली टमाटर की फसल गर्मी से खराब हो गई है। वहीं बाहर से आने वाला टमाटर भी सड़ा आ रहा है।
इस बार भीषण गर्मी के बाद हुई तेज बारिश ने सब्जी की फसल को काफी नुकसान पहुंचाया है। सब्जियों की आवक घटी है, जिसका सीधा असर उनके दामों पर पड़ा है। पिछले 15 दिन के अंदर सब्जी के दामों में दो गुना तक वृद्धि हुई है, जबकि टमाटर के दामों में आठ गुना से अधिक। सब्जियों पर चढ़ी महंगाई से किचन का बजट गड़बड़ा गया है।
नागपुर से आने वाला टमाटर निकल रहा खराब
सब्जी विक्रेता प्रेमशंकर ने बताया कि नागपुर से आने वाला टमाटर एक क्रेट में करीब 22 किलोग्राम होता हैं। क्रेट को खोलने पर उसमें आधा से अधिक सड़ा निकल जाता है। इसकी वजह से टमाटर खरीदने में घाटा हो रहा है। टमाटर की आवक भी कम हो रही है। नुकसान की वजह से दुकानदार टमाटर कम खरीद रहे हैं। इसी वजह से इसके दामों में वृद्धि हो रही है। अगर यही हाल रहा तो टमाटर सब्जी मंडी से गायब हो जाएगा।
मौसम अनुकूल न होने से सब्जियों के उत्पादन में आई कमी
जलालाबाद के खंडहर गांव के रहने वाले सब्जी विक्रेता तोताराम ने बताया कि अनुकूल मौसम न होने से कई तरह की सब्जियों के उत्पादन में काफी कमी आ गई है। इससे सब्जियों के दामों में अप्रत्याशित वृद्धि हुई है। कई दिन की भीषण गर्मी के बाद बारिश होने से खेत में तुुरई और लौकी की फसल के पौधे झुलस गए हैं। टमाटर क्षेत्र में खासकर वैशाख तक होता है। मौसम के प्रभाव से इस बार रोग लगने से ज्यादातर टमाटर काला पड़कर खराब हो गया। इसलिए टमाटर बाहर से आ रहा है।
दुकानदार की नहीं निकल रही लागत
रोजा सब्जी मंडी के थोक सब्जी विक्रेता रामरतन ने बताया कि इस समय सब्जियों की आवक काफी कम है। गर्मी और बारिश की वजह से सब्जी खराब भी हो रहीं हैं। इसलिए ऊंचे दामों पर सब्जियां बिक रहीं हैं। टमाटर नागपुर और बंगलुरु से आ रहा है। गर्मी की वजह से क्रेट में टमाटर अधिक मात्रा में खराब हो रहा है। इसलिए थोक में 90 रुपये प्रतिकिलो में बिक रहा है। दुकानदार की लागत नहीं निकल पा रही है।
वर्तमान में और 15 दिन पहले सब्जियों के दाम
सब्जियों के भाव
नाम 15 दिन पहले भाव वर्तमान भाव
टमाटर 20 140
भिंडी 30 60
मूली 20 60
तुरई 20 60
परवल 60 80
लौकी 20 40
सब्जी पर चढ़ी महंगाई ने रसोई का बजट बिगाड़ा
– सब्जियों के दाम आसमान को छू रहे हैं। रसोई का बजट बिगड़ गया है। सब्जी के दामों पर लगाम लगाने के लिए सरकार को कुछ कदम उठाना चाहिए।
– सुनीता सक्सेना
टमाटर के दाम बढ़ने से रसोई का बजट बिगड़ गया है। सब्जी में स्वाद के लिए इस समय कम टमाटर का इस्तेमाल कर रहे हैं। टमाटर के दामों में कमी आनी चाहिए।
– रेखा देवी
सब्जी के बगैर घर में काम नहीं चल सकता है। कम से कम एक सब्जी तो बनाई ही जाएगी, लेकिन सब्जियों के दामों में रिकॉर्ड तोड़ वृद्धि हो रही है।
– शहनाज फात्मा
– गृहस्थी चलाने के लिए सब्जी बहुत जरूरी है। सभी सब्जियों पर अचानक महंगाई आने से रसोई का बजट बिगड़ रहा है, लेकिन बगैर सब्जी के भी गुजारा नहीं हो सकता है।
– रितु

सब्जी मंडी में सब्जी की दुकान पर रहा ग्राहकों का टोटा।संवाद

सब्जी मंडी में सब्जी की दुकान पर रहा ग्राहकों का टोटा।संवाद

सब्जी मंडी में सब्जी की दुकान पर रहा ग्राहकों का टोटा।संवाद