Shahjahanpur News: संविदा कर्मियों को बिजली निगम से हटाए जाने का विरोध शुरू
0 विद्युत संविदा मजदूर संगठन ने एसई आफिस पर धरना दिया
संवाद न्यूज एजेंसी
शाहजहांपुर। विद्युत संविदा मजदूर संगठन ने बिजली निगम में वर्षों से कार्यरत संविदा कर्मियों को निकालकर सैनिक कल्याण निगम के माध्यम से कर्मियों को लगाए जाने का विरोध किया। कर्मचारियों ने एसई आफिस में सत्याग्रह कार्यक्रम को शुरू कर जोरदार नारेबाजी की।
धरनास्थल पर सभा में जिलाध्यक्ष नवल किशोर सक्सेना ने कहा कि नौ हजार रुपये के अल्प मानदेय पर वर्षों से सब स्टेशनों का संचालन करने वाले कर्मचारियों को निकाले जाने का आदेश आ गया। उनकी जगह पर पूर्व सैनिक लगाए जाएं, जो पूर्व से पेंशन पा रहे हैं। इससे विभाग को छह करोड़ रुपये का अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। इससे विभाग और घाटे में चला जाएगा।
उन्होंने कहा कि संविदा श्रमिक अधिकारियों ने अपने व्यक्तिगत काम व कंप्यूटर के कार्य के लिए लगा रखे हैं। जिससे लाइनों पर काम करने में श्रमिकों की कमी आ रही है। बुधवार से श्रमिक वर्क टू रूल आठ घंटे काम करेंगे।
महामंत्री अशोक पाल ने ईपीएफ का मुद्दा उठाया। जिलाध्यक्ष मुनीश पाल, प्रमोद कुमार, रईस अहमद, शकील अहमद, बनवारी लाल, अशोक सक्सेना, विवेक सक्सेना, प्रेमकांत सुमन आदि मौजूद रहे।