Shahjahanpur News: पीडब्ल्यूडी मंत्री ने 32 करोड़ की तीन परियोजनाओं का किया शिलान्यास

कलान के कबरा सलेमपुर गांव में भूमि पूजन करते पीडब्ल्यूडी मंत्री जितिन प्रसाद। स्रोत : पीडब्ल्यू
कलान। लोक निर्माण विभाग के मंत्री जितिन प्रसाद ने जलालाबाद विधानसभा क्षेत्र के मिर्जापुर के गांव कबरा सलेमपुर में अरिल नदी पर बन रहे लघु सेतु एवं जलालाबाद विधानसभा क्षेत्र की अन्य दो परियोजनाओं का बटन दबाकर शिलान्यास किया। जितिन प्रसाद ने कहा कि कोलाघाट के नए पुल का निर्माण 170 करोड़ रुपये से कराया जाएगा। इसके लिए जल्द शासनादेश जारी होगा।
गांव कबरा सलेमपुर सहित आसपास के अन्य गांवों के लोगों को अरिल नदी पार कर जाना पड़ता है। यहां पर लकड़ी का पुल हर बरसात में हटाना पड़ता है। इसके मद्देनजर 562.88 लाख रुपये की लागत से 56.25 मीटर लंबे पुल का निर्माण कराया जाएगा। गांव कबरा सलेमपुर में आयोजित परियोजनाओं के शिलान्यास और भूमि पूजन कार्यक्रम में जनसभा के दौरान पीडब्ल्यूडी मंत्री जितिन प्रसाद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ विकास कार्य के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहे हैं।
जितिन ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार में घटिया निर्माण कार्य की वजह से कोलाघाट पुल ढह गया था। जांच में पता लगा है कि मरम्मत के बाद भी यह पुल चारपहिया वाहनों के चलने योग्य नहीं है। जनता की सहूलियत के लिए इस बार दो पैंटून पुल बनवाए जा रहे हैं जो एक हफ्ते में बनकर तैयार हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि शासनादेश जारी होने के बाद 170 करोड़ की लागत से कोलाघाट पर नया पक्का पुल बनवाया जाएगा।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों से पुल निर्माण के संबंध में समय सीमा पूछी। इस पर संबंधित अधिकारियों ने ढाईघाट का पुल जनवरी में और कबरा सलेमपुर का पुल 31 दिसंबर 2024 तक बनने की बात कही। जितिन ने कहा कि पुलों का निर्माण पूरी गुणवत्ता के साथ समय सीमा के अंदर किया जाए। उन्होंने कहा कि आज जितने विकास कार्य जलालाबाद विधानसभा में हो रहे हैं, उतने आजादी के बाद कभी नहीं हुए।
–
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम के दौरान एमएलसी डॉ. सुधीर गुप्ता, भाजपा विधायक हरिप्रकाश वर्मा, भूपेंद्र सिंह भन्नू, जिलाध्यक्ष केसी मिश्रा, मुख्य अभियंता एसके तिवारी, अधीक्षण अभियंता अभिनेष कुमार, रथिन सिन्हा, महेंद्र कुमार, अहमद मुबीन, जिला महामंत्री रमाकांत मिश्रा, ब्लॉक प्रमुख प्रियांशु रघुवंशी, डॉ. विनय शर्मा, कृष्ण कुमार सिंह, एड. श्याम बाबू सिंह, अरविंद सिंह, पूर्व प्रधान रामगोपाल वर्मा, चेयरमैन हरनारायण गुप्ता, एलडीबी के अध्यक्ष विनोद गुप्ता, डॉ. मोहित मिश्रा, दिनेश मिश्रा, पंकज पांडेय, संजय सिंह, राजीव गुर्जर, सुगम सक्सेना आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ इंदु अजनबी और भूमि पूजन पुरोहित गौरव मिश्रा द्वारा कराया गया।
–
इन परियोजनाओं का किया शिलान्यास
सेतु निगम द्वारा कबरा सलेमपुर गांव में अरिल नदी पर 562.88 लाख की लागत से लघु सेतु एवं पहुंच मार्ग बनाया जाएगा। इसके अलावा रामपुर ढका डांडी के तिकोला घाट पर बहगुल नदी पर 1531.47 लाख की लागत से सेतु एवं पहुंच मार्ग बनेगा। इसके अलावा जलालाबाद-शमसाबाद मार्ग पर ढाई गांव के निकट सोन नदी पर 1103.33 लाख रुपये से सेतु और पहुंच मार्ग का निर्माण होगा।